जींद : किसान ने फांसी का फंदा लगा की आत्महत्या

WhatsApp Channel Join Now
जींद : किसान ने फांसी का फंदा लगा की आत्महत्या


जींद, 30 मई (हि.स.)। गांव दालमवाला के खेतों में एक किसान ने फांसी का फंदा लगा आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को साैंप दिया है। परिजनों ने मृतक को मानसिक रूप से परेशान बताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गांव दालमवाला के ग्रामीणों ने शनिवार सुबह गांव के खेतों में एक व्यक्ति को फांसी के फंदे से लटके देखा। शव की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारा। घटना को गंभीरता से लेते हुए फोरेंसिक व फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम को मौके पर बुलाया गया। सदर थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि शव की शिनाखत गांव डाहौला निवासी कृष्ण के रूप में हुई।

सूचना पाकर कृष्ण के परिजन भी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि कृष्ण काफी दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। उसका करनाल के एक अस्पताल से इलाज भी चल रहा था। शुक्रवार दोपहर को वह घर से निकला था। जिसके बाद सुबह ही उसकी मौत की सूचना उन्हें मिली। पुलिस ने मृतक के शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story