हांसी : तीन दिन बाद हुआ रिटायर्ड फौजी का अंतिम संस्कार, जांच के भरोसे पर माने परिजन
पुलिस अधिकारियों ने दिया निष्पक्ष जांच का आश्वासन, करवाया पोस्टमार्ट
रिटायर्ड फौजी सुंदर पंघाल आत्महत्या मामला
हांसी, 08 जून (हि.स.)। रिटायर्ड फौजी सुंदर पंघाल आत्महत्या प्रकरण में पुलिस
के निष्पक्ष जांच के आश्वासन के बाद सोमवार को परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर
गांव भगाना में अंतिम संस्कार कर दिया। इससे पहले रविवार को गांव में आयोजित पंचायत
में ग्रामीणों ने मामले में नामजद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए रोष
जताया था।
भगाना निवासी सेवानिवृत्त सैनिक सुंदर पंघाल का शव शनिवार सुबह हांसी की विकास
नगर कॉलोनी में एक मकान के बाहर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। सूचना मिलने पर
पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से पुलिस को चार पृष्ठों का एक सुसाइड
नोट भी बरामद हुआ था, जिसमें कथित तौर पर लेन-देन के विवाद का उल्लेख किया गया है। मृतक के बेटे एडवोकेट मनजीत पंघाल की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने विकास नगर
कॉलोनी निवासी पूनम, उसके ससुर होशियार सिंह, सास कृष्णा तथा एक ड्राइवर के खिलाफ विभिन्न
धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
मामले को लेकर रविवार को गांव भगाना में पंचायत आयोजित की गई थी, जिसमें बड़ी
संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। पंचायत में वक्ताओं ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी
और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी थी कि यदि समय रहते
कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। पुलिस अधिकारियों और परिजनों के बीच हुई बातचीत के बाद स्थिति शांत
हुई। शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखजीत ने परिजनों को आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष
एवं गहन जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग
जांच रिपोर्ट आने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस
का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने
के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

