हिसार : बिजली कनेक्शन काटने की पूरी प्रक्रिया अब मोबाइल ऐप से होगी : विक्रम सिंह
डीएचबीवीएन ने मैनुअल प्रक्रिया पर लगाई रोक
हिसार, 17 नवंबर (हि.स.)। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) में
बिजली कनेक्शन के स्थायी विच्छेदन (परमानेंट डिस्कनेक्शन) की प्रक्रिया अब पूरी तरह
मोबाइल ऐप के माध्यम से होगी। निगम प्रबंधन ने सभी फील्ड कार्यालयों में पीडीसीओ (परमानेंट
डिस्कनेक्शन ऑर्डर) की कार्रवाई के लिए मोबाइल ऐप का इस्तेमाल अनिवार्य कर दिया है।
इसके साथ ही मैनुअल प्रक्रिया पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
निगम के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने मंगलवार काे निर्देश दिए हैं कि सभी फील्ड कार्यालयों
में प्रत्येक पीडीसीओ की प्रक्रिया अनिवार्य रूप से मोबाइल ऐप के माध्यम से ही पूरी
की जाए। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को इन निर्देशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित
करने के आदेश दिए गए हैं। निगम प्रबंधन के संज्ञान में आया था कि सीबीओ (कमर्शियल बैक
ऑफिस) टीम की ओर से आवश्यक प्रशिक्षण दिए जाने के बावजूद कुछ फील्ड कार्यालयों में
पीडीसीओ की कार्रवाई अभी भी मैनुअल तरीके से की जा रही है।
इस पर प्रबंधन ने स्पष्ट
किया है कि भविष्य में किसी भी पीडीसीओ की मैनुअल प्रक्रिया स्वीकार नहीं की जाएगी। यह मामला ऊर्जा मंत्री अनिल विज की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में भी
महत्वपूर्ण एक्शन पॉइंट के रूप में शामिल किया गया था। पीडीसीओ मोबाइल ऐप के माध्यम
से डिस्कनेक्शन की कार्रवाई करते समय संबंधित परिसर के आसपास स्थित दो अन्य बिजली कनेक्शनों
के अकाउंट नंबर का विवरण भी दर्ज किया जाएगा। इससे डिफॉल्टर परिसरों की पहचान करने
और ऐसे परिसरों में नियमों के विरुद्ध नए बिजली कनेक्शन जारी होने की संभावनाओं को
रोकने में मदद मिलेगी।
ऐप के माध्यम से होने वाली कार्रवाई में रियल-टाइम अपडेट, पेपरलेस प्रक्रिया,
त्वरित निस्तारण और लंबित मामलों की आसान निगरानी जैसी सुविधाएं मिलेंगी। इसके अलावा
प्रत्येक फील्ड गतिविधि का डिजिटल रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा, जिससे पूरी प्रक्रिया में
पारदर्शिता, सटीकता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी।
निगम के जनसंपर्क अधिकारी संजय चुघ ने बताया कि पीडीसीओ मोबाइल ऐप से डिस्कनेक्शन
संबंधी सभी गतिविधियों की निगरानी और समीक्षा आसान होगी। लंबित मामलों की स्थिति पर
रियल-टाइम नजर रखकर उनका समयबद्ध निस्तारण किया जा सकेगा। इससे डिफॉल्टर परिसरों की
पहचान, बकाया बिजली बिलों की वसूली और निगम के राजस्व संरक्षण में भी सहायता मिलेगी।
उन्होंने सभी फील्ड अधिकारियों और कर्मचारियों से प्रबंधन के निर्देशों का पालन करते
हुए प्रत्येक पीडीसीओ की प्रक्रिया केवल मोबाइल ऐप से पूरी करने की अपील की।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

