हिसार : जीजेयू के पास रोडवेज बस की चपेट में आई छात्रा, हालत गंभीर
बस के पिछले टायर के नीचे आने से घायल हुई विजेता, चालक-परिचालक बस छोड़कर
फरार
हादसे के बाद एनएसयूआई ने सुरक्षित परिवहन व्यवस्था की मांग उठाई
हिसार, 29 सितंबर (हि.स.)। यहां के गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी
विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार और बरवाला चुंगी के पास हरियाणा रोडवेज बस की चपेट में
आने से विश्वविद्यालय की छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद बस का चालक
और परिचालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर मामले
की जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब सोनीपत निवासी छात्रा विजेता
रोडवेज बस से नीचे उतर रही थी।
इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह बस के पिछले टायर की
चपेट में आ गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने घायल छात्रा को
निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और
उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस
ने बस को कब्जे में लेकर चालक और परिचालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की
भी जांच की जा रही है।
हादसे के बाद एनएसयूआई ने उठाई सुरक्षित परिवहन की मांग
उधर, हादसे के बाद एनएसयूआई ने विश्वविद्यालय क्षेत्र में विद्यार्थियों की सुरक्षा
और परिवहन व्यवस्था को लेकर आवाज उठाई है। एनएसयूआई अध्यक्ष विकास बनभौरी ने हरियाणा
राज्य परिवहन हिसार डिपो के महाप्रबंधक को ई-मेल के माध्यम से ज्ञापन भेजकर विश्वविद्यालय
क्षेत्र में नियमित नगर बस सेवा शुरू करने और विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित बस पड़ाव
बनाने की मांग की है। विकास बनभौरी ने कहा कि विश्वविद्यालय में प्रतिदिन हजारों विद्यार्थी
दूर-दराज के क्षेत्रों से पढ़ने आते हैं। उचित परिवहन व्यवस्था और निर्धारित बस पड़ाव
नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को मुख्य सड़क पर खड़े होकर बसों का इंतजार करना पड़ता
है, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है।
ज्ञापन में विश्वविद्यालय से बरवाला चुंगी, बस स्टेंड और शहर के प्रमुख क्षेत्रों
को जोड़ते हुए नियमित नगर बस सेवा शुरू करने तथा सुबह विश्वविद्यालय खुलने और शाम को
छुट्टी के समय विद्यार्थियों की भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त बसें चलाने की मांग की
गई। विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार के पास पक्का बस पड़ाव और बस आश्रय बनाने के साथ
गति अवरोधक व बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने की मांग भी रखी गई। विकास बनभौरी ने कहा
कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को हलके में नहीं लिया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी
कि यदि जल्द मांगों पर अमल नहीं हुआ तो एनएसयूआई विद्यार्थियों के हित में आंदोलन करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

