पलवल: होडल में आन-बान-शान से निकाली गई तिरंगा यात्रा

WhatsApp Channel Join Now
पलवल: होडल में आन-बान-शान से निकाली गई तिरंगा यात्रा


पलवल: होडल में आन-बान-शान से निकाली गई तिरंगा यात्रा


पलवल: होडल में आन-बान-शान से निकाली गई तिरंगा यात्रा


पलवल, 17 अगस्त (हि.स.)। भारत सरकार के ‘हर घर तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम्’ अभियान के तहत सोमवार को होडल में जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा निकाली गई। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय से शुरू होकर सती सरोवर तक पहुंची यात्रा में हजारों लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

होडल के विधायक एवं यात्रा के संयोजक हरेंद्र सिंह ने हाथ में तिरंगा लेकर यात्रा का नेतृत्व किया। उपायुक्त डॉ. जयेन्द्र सिंह छिल्लर, पूर्व मंत्री हर्ष कुमार, पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक मंगला, पूर्व चेयरमैन जगमोहन गोयल सहित प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों, सरपंचों, सामाजिक संगठनों और गणमान्य नागरिकों ने भी तिरंगा लेकर यात्रा में भाग लिया। बंचारी की नगाड़ा पार्टी ने देशभक्ति के जोश से वातावरण को गुंजायमान कर दिया। विधायक हरेंद्र सिंह ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान तथा त्याग, बलिदान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देशभक्ति केवल नारों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने और देश की प्रगति में योगदान देने से सच्चा राष्ट्रप्रेम प्रकट होता है।

उपायुक्त डॉ. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि पलवल की धरती वीरता, देशभक्ति और सामाजिक एकता के लिए जानी जाती है। तिरंगा यात्रा ने इस गौरवशाली परंपरा को और मजबूत किया है। उन्होंने नागरिकों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रीय एकता व सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने का आह्वान किया। यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों से पूरा होडल गूंज उठा। युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं, बुजुर्गों और विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा से पहले विधायक, उपायुक्त व अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story