हिसार : यूपीआई पर एमडीआर चार्ज लगाने की चर्चा से व्यापारियों में नाराजगी : बजरंग गर्ग
छोटे और मध्यम व्यापारियों पर बढ़ेगा आर्थिक बोझ,
सरकार वापस ले प्रस्तावित चार्ज
हिसार, 16 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा प्रदेश व्यापार
मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय व्यापार मंडल के राष्ट्रीय मुख्य महासचिव
बजरंग गर्ग ने कहा है कि यूपीआई लेन-देन पर एमडीआर चार्ज लगाने की चर्चा से व्यापारियों
में भारी नाराजगी है। उन्होंने कहा कि यूपीआई देश और प्रदेश में डिजिटल भुगतान का महत्वपूर्ण
माध्यम बन चुका है और छोटे से लेकर बड़े कारोबारी तक रोजाना इसका इस्तेमाल कर रहे हैं।
बजरंग गर्ग ने बुधवार काे कहा कि सरकार ने यूपीआई को बढ़ावा
देकर व्यापारियों और आम जनता को डिजिटल भुगतान की ओर प्रोत्साहित किया है। ऐसे में
यूपीआई लेन-देन पर एमडीआर चार्ज लगाने से व्यापारियों की लागत बढ़ेगी और इसका सबसे
अधिक असर छोटे एवं मध्यम कारोबारियों पर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि व्यापारी पहले
ही जीएसटी, आयकर, एक्साइज ड्यूटी, बिजली बिल, किराया सहित विभिन्न खर्चों का भार उठा
रहे हैं। ऐसे में डिजिटल भुगतान पर अतिरिक्त चार्ज आर्थिक बोझ बढ़ाएगा। उन्होंने केंद्र
सरकार से मांग की कि यूपीआई लेन-देन पर एमडीआर चार्ज लगाने का प्रावधान वापस लिया जाए।
उन्होंने कहा कि ग्राहक नगद के साथ-साथ यूपीआई से भुगतान करना पसंद करते हैं, इसलिए
सरकार को डिजिटल भुगतान को महंगा करने की बजाय इसे अधिक सुरक्षित, सरल और व्यापक बनाने
की दिशा में काम करना चाहिए।
बजरंग गर्ग ने कहा कि किसी भी नए नियम को लागू
करने से पहले व्यापारी संगठनों से विचार-विमर्श किया जाना चाहिए, ताकि छोटे, मध्यम
और आम व्यापारियों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ न पड़े। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश का
व्यापारी विभिन्न करों के माध्यम से सरकार के राजस्व में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा
है और इसी राजस्व से विकास कार्य संचालित होते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

