हिसार के नागरिक अस्पताल के पार्क में भ्रूण मिलने से मचा हड़कंप, जांच में बंदर का भ्रूण निकला
स्वास्थ्य विभाग की टीम और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर की जांच
फोरेंसिक टीम और गायनेकॉलोजिस्ट ने की पुष्टि
हिसार, 03 नवंबर (हि.स.)। जिले के नागरिक अस्पताल परिसर स्थित पार्क में मंगलवार
को पॉलिथिन से ढका एक भ्रूण मिलने से हड़कंप मच गया। शुरुआत में भ्रूण इंसान का होने
की आशंका जताई गई, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक
टीम की जांच और अस्पताल की गायनेकॉलोजिस्ट की पुष्टि के बाद स्पष्ट हुआ कि वह इंसानी
नहीं, बल्कि बंदर का भ्रूण था।
डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. अनामिका बिश्नोई ने बताया कि उन्हें डिप्टी सिविल सर्जन
डॉ. सुभाष खतरेजा से अस्पताल के पार्क में भ्रूण पड़े होने की सूचना मिली थी। इसके
बाद वह टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। शुरुआत में भ्रूण का आकार देखकर करीब आठ से साढ़े
आठ महीने के मानव भ्रूण होने की आशंका जताई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस
और फोरेंसिक विशेषज्ञों को भी बुलाया गया। सूचना मिलने पर सिटी थाना पुलिस ने मौके की घेराबंदी कर दी, ताकि साक्ष्यों
के साथ कोई छेड़छाड़ न हो सके। थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि फोरेंसिक टीम
ने जांच के बाद भ्रूण के बंदर का होने की पुष्टि की। इसके बाद अस्पताल की गायनेकॉलोजिस्ट
ने भी स्पष्ट किया कि वह मानव भ्रूण नहीं है। पुलिस के अनुसार शुरुआत में मामले को संदिग्ध मानते हुए आसपास के सीसीटीवी
कैमरों की फुटेज खंगालने की तैयारी की गई थी। जांच में भ्रूण बंदर का पाए जाने के बाद
मानव भ्रूण मिलने की आशंका समाप्त हो गई। इसकी परिस्थितियों का पता जांच के आधार पर
ही चल सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

