जींद : नायब सरकार में विकास का पहिया पूरी रफ्तार पर : डिप्टी स्पीकर

WhatsApp Channel Join Now
जींद : नायब सरकार में विकास का पहिया पूरी रफ्तार पर : डिप्टी स्पीकर


जींद, 01 जून (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि नायब सरकार के कार्यकाल में जींद में विकास कार्यों को अभूतपूर्व गति मिली है। जिले में शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में समान रूप से विकास परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं। जिससे आमजन को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। सरकार विकास के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा सोमवार को अपने आवास पर आयोजित जनता दरबार में क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न गांवों और शहर से आए नागरिकों की शिकायतों एवं मांगों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। कई समस्याओं का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। जबकि शेष मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अंत्योदय की भावना के साथ कार्य कर रही है।

डिप्टी स्पीकर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, बिजली, सिंचाई तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में अनेक विकास कार्य करवाए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी शहरों की तर्ज पर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। गांवों में सड़क निर्माण, गलियों का सुदृढ़ीकरण, जल निकासी व्यवस्थाए सामुदायिक भवनों तथा अन्य जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है। जनता दरबार में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे और उन्होंने अपनी विभिन्न समस्याएं एवं मांगें डिप्टी स्पीकर के समक्ष रखी। डा. मिड्ढा ने सभी को आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर गंभीरता से कार्य किया जाएगा और विकास कार्यों की गति निरंतर बनाए रखी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story