जींद : हम जल की महत्ता को समझें, उसकी कद्र करें और जल संरक्षण को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं : डा. मिड्ढा

WhatsApp Channel Join Now
जींद : हम जल की महत्ता को समझें, उसकी कद्र करें और जल संरक्षण को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं : डा. मिड्ढा


जींद, 22 फ़रवरी (हि.स.)। संत निरंकारी मिशन की प्रेरणा से एवं संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के तत्वावधान में प्रोजेक्ट अमृत स्वच्छ जल, स्वच्छ मन के तहत रविवार को पांडू पिंडारा तीर्थ घाट में विशाल स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यअतिथि के तौर पर हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा पहुंचे। इस सेवा कार्य में जींद, जुलाना, बीबीपुर, डाहौला ब्रांच की समस्त संगत एवं सेवा दल के लगभग 500 निरंकारी स्वयंसेवकों ने भाग लिया। सभी स्वयंसेवकों ने मिलकर घाटों की सुंदर एवं व्यवस्थित ढंग से सफाई की तथा आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित रूप प्रदान किया।

इस अवसर पर हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि स्वच्छता अभियान के माध्यम से सर्वसमाज को जो प्रेरक संदेश दिया जा रहा है वो काबिलेतारिफ है। हम जल की महत्ता को समझें, उसकी कद्र करें और जल संरक्षण को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं। क्योंकि भविष्य में जल की कमी एक गंभीर चुनौती बन सकती है।

सेवादार मोहनलाल ने बताया कि मिशन की आदरणीय सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज के मार्गदर्शन में रविवार को पूरे भारतवर्ष में 1500 से अधिक जल स्रोतों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर इसी प्रकार के स्वच्छता अभियान आयोजित किए गए हैं। यह अभियान केवल सफाई तक सीमित न रह कर जनमानस में जागरूकता एवं जिम्मेदारी की भावना जागृत करने का एक सशक्त प्रयास है। संत निरंकारी मिशन सदैव मानवता, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक उत्थान के लिए समर्पित रहा है और आगे भी इसी प्रकार सेवा एवं जागरूकता के कार्य निरंतर जारी रहेंगे। सफाई अभियान के पश्चात घाट के किनारे पर सत्संग का भी आयोजन किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story