जींद : जेल वार्डन ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
जींद, 31 मई (हि.स.)। पिल्लूखेड़ा मंडी में रविवार को सस्पेंड चल रहे जेल वार्ड ने फांसी का फंदा लगा आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में ले नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया है। मृतक परिजनों ने जेल वार्डन को मानसिक तौर पर परेशान बताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पिल्लूखेड़ा मंडी निवासी 50 वर्षीय सुरेंद्र ने रविवार को अपने मकान मे फांसी का फंदा लगा लिया। परिजनों को घटना का उस समय पता चला जब सुरेंद्र काफी देर तक कमरे से बाहर नही आया। परिजनों ने जब अंदर जाकर देखा तो वह पंखे से फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। शोर मचाए जाने पर पड़ोसी मौके पर पहुंच गए और सुरेंद्र को फांसी के फंदे से उतार नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया।
मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि सुरेंद्र जेल वार्डन के पद पर हिसार जेल में डयूटीरत था। फिलहाल वह सस्पेंड चल रहा था। जिसके कारण मानसिक रूप से परेशान रहता था। उसी मानसिक परेशानी के चलते उसने फांसी का फंदा लगा लिया। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि मृतक जेल वार्डन पद से सस्पेंड था। जिसके चलते वह मानसिक रूप से परेशान था। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

