जींद : बिजली के ट्रांसफार्मर पर गिरने से व्यक्ति की मौत
रात को मौसम खराब होने के चलते नीचे उतरने की कोशिश कर रहा था मृतक
जींद, 13 मई (हि.स.)। जींद के गोहाना रोड पर गांव रधाना के निकट सीमेंट की दुकान की छत पर सोया व्यक्ति मंगलवार रात तेज आंधी के चलते गद्दे समेत बिजली ट्रांसफार्मर पर गिर गया। जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में ले नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है।
अलीगढ़ यूपी निवासी 32 वर्षीय राजकुमार गोहाना रोड पर गांव रधाना के निकट सीमेंट दुकान पर मजदूरी करता था। गर्मी होने कारण रात को वह अक्सर दुकान की छत पर सोता था। मंगलवार रात भी वह छत पर सोया हुआ था। रात को मौसम खराब होने के कारण तेज हवा के साथ बूंदाबांदी भी होने लगी। आशंका जताई जा रही है कि मौसम बिगडऩे के कारण राजकुमार अपना गद्दा उठा कर नीचे उतरने की कोशिश कर रहा था। तेज हवा के कारण उसका बैलेंस बिगड़ गया। जिस पर वह बगल की फैक्टरी के बिजली ट्रांसफार्मर पर जा गिरा और करेंट लगने से मौत हो गई।
घटना का बुधवार सुबह उस समय पता चला, जब सीमेंट दुकान को मालिक दुकान पर पहुंचा और वह खुली नही मिली। जब उसने छत पर जाकर देखा तो राजकुमार फैक्टरी में लगे ट्रांसफार्मर के साथ पड़ा हुआ था। दुकान मालिक अशोक ने बताया कि राजकुमार लगभग सात-आठ साल से दुकान पर कार्य कर रहा था। रात को दुकान पर सोता था। रात को मौसम खराब होने के कारण छत से उतरते समय वह बगल की फैक्टरी के ट्रांसफार्मर पर जा गिरा। जिससे उसकी मौत हो गई। सदर थाना की जांच अधिकारी राजेश कुमारी ने बताया कि घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा ले शव को नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया है। सदर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

