जींद : कार ने मारी टक्कर, राहगीर की मौत, मामला दर्ज
जींद, 28 मार्च (हि.स.)। नरवाना स्थित टोहाना रोड पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर शहर थाना नरवाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में ले नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया। घटना को अंजाम देकर चालक मौके से फरार हो गया। शहर थाना नरवाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर फरार वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने मृतक के शव का शनिवार काे नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है।
बताया जा रहा है कि टोहाना रोड बस्ती निवासी 34 वर्षीय राजेश शुक्रवार को दुकान से सामान खरीद कर घर की तरफ लौट रहा था। उसी दौरान खनौरी की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने राजेश को टक्कर मार दी। जिसमें राजेश गंभीर रूपए से घायल हो गया। घटना को अंजाम देकर चालक मौके से फरार हो गया। गंभीर हालात में राजेश को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल ले जाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने राजेश को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर शहर थाना नरवाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया। शहर थाना पुलिस ने मृतक के छोटे भाई की शिकायत पर फरार कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

