जींद : अलग-अलग हादसों में दो की मौत

WhatsApp Channel Join Now
जींद : अलग-अलग हादसों में दो की मौत


जींद, 30 जुलाई (हि.स.)। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने एक मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है, वहीं दूसरे मृतक की शिनाख्त न होने के चलते शव नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया है।

शर्मा नगर के निकट गुरूवार को रेलगाड़ी की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर रेलवे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मृतक के पास से ऐसा कुछ नहीं मिला है, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। रेलवे पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में ले नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है। मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष है। दाहिनी बाजू पर अंग्रेजी में आरएस लिखा हुआ है। मृतक ने क्रीम कलर की छापेदार कमीज व नीले रंग की जींस पहनी हुई है।

रेलवे पुलिस मृतक की शिनाख्त में जुटी है। उधर, गांव छात्तर निवासी मांगेराम स्कूटी पर सवार होकर गांव किठाना बस अड्डे पर जा रहा था। गांव थुआ से निकलते ही सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने स्कूटी को टक्कर मार दी। जिसमें मांगेराम गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को अंजाम देकर चालक गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने मांगेराम को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने मांगेराम को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर अलेवा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया। मृतक के बेटे दलबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बहन कुरूक्षेत्र से आ रही थी।

उसका पिता उसे लेने के लिए किठाना बस अड्डा जा रहा था। गांव थुआ से निकलते ही तेजरफ्तार पिकअप गाड़ी ने उसके पिता की स्कूटी को टक्कर मार दी, जिसमें उसके पिता की मौत हो गई। अलेवा थाना पुलिस ने दलबीर की शिकायत पर फरार पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अलेवा थाना के जांच अधिकारी जयबीर सिह ने बताया कि मृतक के बेटे की शिकायत पर फिलहाल गाड़ी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story