जींद : लिव इन रिलेशन में रह रही महिला पति के पास लौटी तो व्यक्ति ने की आत्महत्या

WhatsApp Channel Join Now
जींद : लिव इन रिलेशन में रह रही महिला पति के पास लौटी तो व्यक्ति ने की आत्महत्या


जींद, 29 मई (हि.स.)। कृष्णा कालोनी मे लिव इन रिलेशन में रह रही महिला के वापस पति के पास चले जाने से खफा होकर व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम की सहायता से साक्ष्यों को जुटाया। पुलिस ने मृतक के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है। शहर थाना पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर मृतक के भाई की शिकायत पर तीनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कृष्णा कालोनी निवासी 30 वर्षीय प्रदीप किराये के मकान में गांव तारागढ़ (कैथल) निवासी आशी के साथ लिव इन रिलेशन मे रह रहा था। आशी वापस अपने बच्चों के साथ गांव तारागढ़ निवासी राकेश के पास चली गई। जिस पर प्रदीप ने जहरीला पदार्थ निगल आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पाकर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और मृतक के पास से कॉपी में लिखा सुसाइड नोट बरामद किया है। सुसाइड नोट में आशी, उसके पति राकेश, उनके जानकार अजीत को मौत के लिए जिम्मेवार ठहराया गया है। पुलिस की फोरेंसिक टीम ने मौके से जहरीले पदार्थ के पाउच, पेन, मोबाइल फोन को बरामद किया है। मृतक के भाई बलजीत ने बताया कि लगभग सप्ताह भर पहले आशी उसके भाई प्रदीप को बिना बताए अपने पति राकेश के पास चली गई थी। प्रदीप गांव तारागढ़ आशी को लेने गया था। जहां पर आशी तथा राकेश ने उसके भाई प्रदीप के साथ मारपीट की और उसे भगा दिया। गत 25 मई को अजीत नाम के व्यकित ने आशी तथा राकेश के कहने पर नकली पुलिसकर्मी बन कर फोन पर उसके भाई प्रदीप को धमकाया। बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी गई। जिससे खफा होकर उसके भाई प्रदीप ने आत्महत्या कर ली। शुक्रवार को जानकारी देते हुए शहर थाना के जांच अधिकारी संजय ने बताया कि पुलिस ने सुसाइड नोट को आधार मान कर मृतक के भाई की शिकायत पर आशी, उसके पति राकेश तथा अजीत के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story