जींद : शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई अध्यापक पात्रता परीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
जींद : शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई अध्यापक पात्रता परीक्षा


जींद, 05 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा जींद में आयोजित की गई हरियाणा पात्रता परीक्षा को लेकर जींद प्रशासन भी पास हो गया है। शनिवार को एक और रविवार को दो सत्रों में संपन्न हुई अध्यापक पात्रता परीक्षा में कोई गड़बड़ी नहीं हुई और यह परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। जिस से प्रशासन ने भी राहत की सांस ली है।

रविवार को प्रात:कालीन सत्र में लेवल 2 की परीक्षा में 6813 परीक्षार्थी एवं सायंकालीन सत्र में लेवल 1 की परीक्षा में 1791 ने परीक्षा देनी थी। जींद में रविवार को सुबह के सत्र में टीजीटी लेवल-2 परीक्षा में 837 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। कुल 6813 परीक्षार्थियों में से 5976 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। इसी तरह दोपहर के सत्र में पीआरटी लेवल एक परीक्षा में कुल 1791 में से 1463 ने परीक्षा दी। जबकि 328 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। दोनों सत्रों में कुल 8604 परीक्षार्थियों में से 7439 ने परीक्षा दी और 1165 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। अध्यापक पात्रता परीक्षा के लिए जिला प्रशासन द्वारा पुख्ता प्रबंध किए गए थे।

खुद डीसी डा. वैशाली शर्मा तथा एसपी कुलदीप सिंह ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। परीक्षा केंद्रों के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा और अधिकारी भी लगातार गश्त करते रहे। परीक्षार्थियों को तीन स्तरीय जांच से गुजरना पड़ा। बोर्ड द्वारा निर्धारित किए गए नियमों के अुनसार ही परीक्षार्थियों से परीक्षा ली गई। परीक्षा केंद्रों में प्रश्र पत्र पहुंचाने से लेकर परीक्षा समाप्ति के बाद ओएमआर शीटों को भिवानी शिक्षा बोर्ड में भिजवाने तक की पूरी कार्रवाई सही तरीके से संपन्न हुई। किसी भी परीक्षा केंद्र से किसी प्रकार की अनियमितता बरते जाने की कोई शिकायत सामने नहीं आई है।

डीसी, एसपी सहित अन्य अधिकारियों ने लिया जायजा

परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए थे। कोई भी परीक्षार्थी किसी प्रकार के इलैक्ट्रोनिक डिवाइस का प्रयोग न कर सके, इसके लिए जैमर लगाए गए थे। गठित उडऩदस्ते पूरा दिन परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करते रहे। परीक्षा केंद्रों के पास फोटो स्टेट की दुकानें पूरी तरह से बंद रही। इसके साथ-साथ कोचिंग सेंटरों पर भी नजर रखी गई ताकि पेपर आउट होने जैसी कोई घटना न हो। डीसी डा. वैशाली शर्मा ने कहा कि जींद में आयोजित की गई अध्यापक पात्रता परीक्षा लेवल एक व लेवल दो की परीक्षा रविवार को दो सत्रों में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। उन्होंने स्वयं परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story