जींद : जिला में चलाया गया एचपीवी वैक्सीन ड्राइव

WhatsApp Channel Join Now
जींद : जिला में चलाया गया एचपीवी वैक्सीन ड्राइव


जींद, 19 अप्रैल (हि.स.)। जिलाभर में रविवार को एचपीवी वैक्सीनेशन ड्राइव का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण अभियान का उद्देश्य लोगों विशेषकर किशोरियों एवं महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के प्रति जागरूक करना और एचपीवी वैक्सीन के माध्यम से सुरक्षा प्रदान करना रहा। अभियान का सुपरविजन जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. संदीप मलिक एवं अर्बन नोडल अधिकारी डा. विशाल सांगवान द्वारा स्वयं फील्ड में जाकर किया गया।

उन्होंने विभिन्न स्थानों पर जाकर लोगों को एचपीवी वैक्सीन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी और सर्वाइकल कैंसर के कारणए लक्षण एवं बचाव के उपायों पर प्रकाश डाला। अधिकारियों ने आमजन को बताया कि समय रहते वैक्सीनेशन करवाना इस बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है। इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग की टीम सीएचसी खरकरामजी भी पहुंची। जहां पर लोगों को जागरूक करते हुए वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों में काफी उत्साह देखने को मिला और उन्होंने बढ़.चढ़कर इस अभियान में भाग लिया।

विशेष रूप से जिला परिषद चेयरमैन प्रतिनिधि कुलदीप रंधावा की पुत्री वृंदा ने भी सीएचसी खरक रामजी पहुंच कर एचपीवी वैक्सीन लगवाई। जिससे अन्य लोगों को भी प्रेरणा मिली और उन्होंने भी आगे आकर वैक्सीनेशन करवाया। अभी तक जिले में लगभग 100 एचपीवी वैक्सीन लगाए जा चुके हैं जो इस अभियान की सकारात्मक शुरुआत को दर्शाता है। इसके साथ ही सीएचसी खरकरामजी के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डा. मनदीप अपनी टीम के साथ मिल कर लोगों को जागरूक कियाए उनकी शंकाओं का समाधान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story