जींद : साइबर ठगों ने दो को लगाया पांच लाख चूना

WhatsApp Channel Join Now
जींद : साइबर ठगों ने दो को लगाया पांच लाख चूना


जींद, 07 अगस्त (हि.स.)। जिला में अलग-अलग स्थानों पर साइबर ठगों ने दो लोगों को लगभग पांच लाख रुपये का चूना लगा दिया। पीडि़तों की शिकायतों के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव संगतपुरा निवासी सुरेंद्र ने साइबर थाना पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह ट्रक चलाता है। गत एक अगस्त को उसने अपने एक्सेस बैंक के खाते में एक चेक लगाया था।

उसी रात को उसके फोन पर तीन लाख 40 हजार रुपये कटने का मैसेज आया। उसने यह मैसेज सुबह देखा। अपने जानकार को जब उसने यह मैसेज दिखाया तो उन्होंने बताया कि उसके साथ साइबर फॉड हुआ है। सुरेंद्र ने कहा कि उसने न तो अपना मोबाइल फोन किसी को दिया और न ही कोई ओटीपी उसके पास आया। उसके खाते से बिना किसी कारण के पैसे कट गए। साइबर थाना पुलिस ने सुरेंद्र की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

खेमनगर निवासी गणेश कुमार ने साइबर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह आयुर्वेद का सामान बेचता है। दो माह पहले वह किसी काम से कुरुक्षेत्र गया था। यहां उसकी मुलाकात मोहम्मद मुश्ताक से हुई। जिसने बताया कि उसके पास बहुत से डॉलर हैं। वह उसे बाजार से कम पैसे में डॉलर दे देगा, जिससे वह बाजार में डॉलर का बेचकर मुनाफा कमा सकता है। आरोपित ने यह भी बताया कि उसकी फ्रीडम कैब सोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी भी है। इसके बाद दोनों की वहाट्सअप पर भी बात होने लगी।

तीन अगस्त को आरोपित ने उससे कहा कि यदि डॉलर खरीदने हैं तो वह फिलहाल और ज्यादा सस्ते में दे देगा। गणेश कुमार ने कहा कि इसके बाद आरोपित ने अपने चेक की फोटो वहाट्सअप कर दी। गणेश कुमार ने उसके चेक के माध्यम से बताए गए बैंक खाता नंबर में एक लाख 38 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब उसने डालर मांगे तो आरोपित ने कहा कि उसकी पैमेंट अभी तक नहीं आई है। इसके बाद आरोपित का मोबाइल नंबर भी बंद हो गया। पुलिस ने गणेश कुमार की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story