जींद : फेसबुक पर रिश्तेदार बनकर छह लाख ठगे, आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
जींद : फेसबुक पर रिश्तेदार बनकर छह लाख ठगे, आरोपित गिरफ्तार


जींद, 21 नवंबर (हि.स.)। फेसबुक पर रिश्तेदार बन कर एक व्यक्ति से छह लाख छह हजार रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित से 10 हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है। पुलिस आरोपित से धोखाधड़ी की अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है।

शनिवार को जानकारी देते हुए साइबर क्राइम थाना प्रभारी उप निरीक्षक जगदीप सिंह ने बताया कि अलेवा निवासी सतीश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि फेसबुक मैसेंजर पर उसके एक रिश्तेदार के नाम से संदेश आया। आरोपित ने खुद को रिश्तेदार बता कर बैंक खाते में रुपये भेजने की बात कही।

इसके बाद एक अन्य व्यक्ति ने ट्रैवल एजेंसी का एजेंट बनकर फोन किया और शिकायतकर्ता को बताया कि उसका रिश्तेदार ऑस्ट्रेलिया में पकड़ा गया है तथा उसका वीजा खराब हो सकता है। इस बात का डर दिखा कर अलग-अलग क्यूआर कोड भेजे गए और उनके माध्यम से रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए। इस तरह शिकायतकर्ता से अलग-अलग बैंक खातों और यूपीआई माध्यमों से कुल छह लाख छह हजार रुपये ठग लिए गए।

शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाना ने धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान ठगी की राशि का कुछ हिस्सा एयरटेल पेमेंट बैंक के एक खाते में पहुंचने की जानकारी मिली। जांच में सामने आया कि इस बैंक खाते का इस्तेमाल जसनदीप सिंह कर रहा था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आरोपित से पूछताछ और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781028 Articles

Share this story