जींद : युवक की हत्या के दो दोषियों को उम्र कैद

WhatsApp Channel Join Now
जींद : युवक की हत्या के दो दोषियों को उम्र कैद


जींद, 11 नवंबर (हि.स.)। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश जयवीर सिंह की अदालत ने गांव सिलाखेड़ी के स्टेडियम में युवक की गोली मारकर हत्या करने के मामले में दो दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। इसके अलावा दोनों को एक-एक लाख रुपये जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना राशि अदा नहीं करने पर अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।

अभियोजन पक्ष के अनुसार जुलाई 2020 में सदर सफीदों थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव सिलाखेड़ी के स्टेडियम में एक युवक का शव पड़ा हुआ है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो मृतक की पहचान गांव सिलाखेड़ी निवासी अंकित के रूप में हुई। मृतक के पिता कर्ण सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि दीपक उर्फ गांधी अपने एक अन्य साथी के साथ उनके घर आया था और अंकित को अपने साथ ले गया था।

काफी देर तक अंकित घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। उसके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन फोन बंद मिला। अगले दिन सुबह गांव के स्टेडियम में अंकित का शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे थे। उसके मुंह और नाक से खून निकल रहा था तथा सिर के पीछे गोली लगी थी।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर दीपक और अन्य आरोपितों के खिलाफ हत्या व शस्त्र अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांव सिलाखेड़ी निवासी दीपक व रिंकू को गिरफ्तार कर लिया था। तभी से मामला अदालत में विचाराधीन था। बुधवार को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश जयवीर सिंह की अदालत ने रिंकू और दीपक को उम्रकैद की सजा सुनाई। इसके अलावा दोनों को एक-एक लाख रुपये जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना राशि अदा नहीं करने पर अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775332 Articles

Share this story