जींद : पहले मंत्रियों के रिश्तेदारों की होती थी नियुक्ति, अब मेरिट से मिल रही नौकरियां : देवेंद्र अत्री

WhatsApp Channel Join Now
जींद : पहले मंत्रियों के रिश्तेदारों की होती थी नियुक्ति, अब मेरिट से मिल रही नौकरियां : देवेंद्र अत्री


जींद, 10 जून (हि.स.)। उचाना विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री ने कहा कि वर्तमान में युवाओं को बिना सिफारिश और पैसों के नौकरियां मिल रही हैं। जबकि कांग्रेस सरकार में नौकरियां बिकती थी।

मंत्रियों के रिश्तेदारों की नियुक्ति की खबरें नियुक्ति से पहले ही छप जाती थी। जनता ने भाजपा को तीसरी बार जिताया है।

विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री मंगलवार को उचाना में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनी। राहुल गांधी के हरियाणा दौरे पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह विफल है। आज भाजपा सरकार की जनहितैशी नीतियों के आगे विपक्ष नतमस्तक है।

आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीब लोग बड़े अस्पतालों में मुफ्त इलाज करवा पा रहे हैं। भाजपा का लक्ष्य अंत्योदय है। उनका मूल मंत्र संकल्प से सिद्धि है।

भाजपा विकसित हरियाणा और विकसित भारत के सपने को पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि छह जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चिनाब ब्रिज का उद्घाटन किया गया। जो संसार का सबसे बड़ा ब्रिज है। जो कश्मीर से कन्याकुमारी तक को जोड़ता है। वहां के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा है कि यह अंग्रेजों का सपना था। अंग्रेज भी यही चाहते थे लेकिन वह नहीं कर पाए। बहुत लंबे समय से सोच रहे थे और पीछे कई सरकारें थी लेकिन आज हम लोग सीधे कश्मीर से जुड़ गए हैं। यह हमारा बहुत बड़ा सपना था। इस ब्रिज के बनने से यहां टूरिज्म भी बढ़ेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story