हिसार : जनभागीदारी से स्वच्छता अभियान को मिली नई मजबूती
सेक्टर 33 में सेवा संकल्प अभियान के तहत भव्य सफाई अभियान
हिसार, 05 अक्टूबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत सेक्टर 33 में जनभागीदारी
से भव्य सफाई अभियान का आयोजन किया गया। सेक्टर 33 वेलफेयर सोसायटी के प्रधान धर्मवीर
पानू के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में सेक्टरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते
हुए स्वच्छता का संदेश दिया। नगर निगम हिसार के सहयोग से चलाए गए इस अभियान में सफाई
कर्मचारियों एवं सेक्टरवासियों ने मिलकर विभिन्न स्थानों पर सफाई की तथा लोगों को स्वच्छता
के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर प्रधान धर्मवीर पानू ने साेमवार काे कहा कि स्वच्छता केवल सरकार या प्रशासन
की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज
की पहली आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशभर में
चलाए जा रहे ‘स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत’ अभियान को सफल बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी
जिम्मेदारी समझनी होगी।
सफाई अभियान में पहुंचने पर प्रधान धर्मवीर पानू ने नगर निगम हिसार की टीम,
सफाई कर्मचारियों तथा सेक्टर 33 के सभी निवासियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने
कहा कि नगर निगम और नागरिकों के आपसी सहयोग से स्वच्छता अभियान को और अधिक प्रभावी
बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर पार्षद प्रतिनिधि टीनू जैन, एएसआई विजेता, आईटी एक्सपर्ट हरिराम,
महासचिव बलविंदर सिंह, धर्म सिंह खटकड़, बलबीर भूंबक, सविता कपूर, रेनू सिहाग, गुरुदत्त
शर्मा, नारायण सिंह चावला, दयानंद भूक्कल, वीर सिंह राव, मोहनलाल, बालकिया, धर्मेंद्र
मलिक, पारुल आहूजा, देशराज बवेजा, अमित गर्ग, अनुपम जावा, दिनेश चुग तथा सुपरवाइजर
अंकित शर्मा सहित बड़ी संख्या में सेक्टरवासी एवं सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

