सोनीपत: गठबंधन सरकार युवाओं के भविष्य से खेल रही है: भूपेंद्र हुड्डा

WhatsApp Channel Join Now
सोनीपत: गठबंधन सरकार युवाओं के भविष्य से खेल रही है: भूपेंद्र हुड्डा




-सरकार की विफलताओं का दंश झेल रहा प्रदेश, सत्ता परिवर्तन को आतुर है जनता

सोनीपत, 26 मई (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शुक्रवार को कहा कि गठबंधन सरकार युवाओं के भविष्य से खेल रही है। कांग्रेस की सरकार बनते ही कल्याणकारी योजनाओं को लागू करेंगे फिर से हरियाणा को नंबर वन बनाएंगे यही कांग्रेस का लक्ष्य है। वे शुक्रवार को यहां में पत्रकारों से बात कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में करीब दो लाख सरकारी पद खाली पड़े हुए हैं। उन पर भर्ती करने की बजाए सरकार लगातार घोटाले कर रही है। एचईएस भर्ती में सामने आए ताजा घपले से स्पष्ट हो गया है कि इस सरकार में हर भर्ती का सौदा हो रहा है। ग्रुप-डी से लेकर एचसीएस पदों की भर्ती में धांधलियां की जा रही हैं। लोग मुख्यमंत्री तक के कार्यक्रमों में अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। लेकिन जनता की नाराजगी को दूर करने की बजाए, सरकार उसकी आवाज को दबाने में लगी है।

अबतक करीब 30 पेपर लीक हो चुके हैं। इससे पहले एचसीएस की भर्ती करने वाली एचपीएससी के डिप्टी सेकेटरी एक करोड़ की रिश्वत के साथ अपने दफ्तर में ही पकड़े गए थे। जांच का भी कुछ अता-पता नहीं है। पूर्व सीएम हुड्डा ने मशहूर रागिनी गायक पाले राम दहिया के निधन पर उनके गांव में श्रद्धांजलि दी व परिजनों को ढांढस बंधाया। इसके अलावा वरिष्ठ पत्रकार रहे स्वर्गीय पुरुषोत्तम शर्मा की दूसरी पुण्यतिथि पर लगाए गए रक्तदान शिविर में भी हुड्डा ने बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने पुरुषोत्तम शर्मा के फोटो पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मेयर निखिल मदान द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल हुए।

पूर्व सांसद धर्मपाल मलिक, विधायक जगबीर मलिक, विधायक जयवीर बाल्मिकी, विधायक सुरेंद्र पंवार, विधायक बीबी बत्रा, मेयर निखिल मदान, पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा, संत कवार, जय तीर्थ दहिया, सुखबीर फरमाना, पदम सिंह दहिया, सुरेंद्र शर्मा, सुरेंद्र दहिया, सुरेंद्र छिकारा, भले राम जांगड़ा, मनोज रिढ़ाऊ, बिजेंद्र आंतिल, कमल हसीजा, अनूप मलिक, जितेंद्र जांगड़ा, सत्य प्रकाश शर्मा, सुनेहरा जांगड़ा आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ नरेंद्र/संजीव

Share this story