जींद : साधु के भेष में चरस तस्करी कर रहा आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
जींद : साधु के भेष में चरस तस्करी कर रहा आरोपित गिरफ्तार


जींद, 23 नवंबर (हि.स.)। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए स्टाफ नरवाना की टीम ने साधु के भेष में चरस तस्करी कर रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 505 ग्राम चरस और स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है। गिरफ्तार किए गए आरोपित ने पुलिस पूछताछ में नशा सप्लायर का भी नाम बताया है। जिस पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ नशा तस्करी के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किए गए व्यक्ति से पूछताछ शुरू कर दी है।

सोमवार को जानकारी देते हुए सीआईए प्रभारी इंस्पेक्टर यादविंदर सिंह ने बताया कि उप निरीक्षक रोशनलाल के नेतृत्व में पुलिस टीम चमेला कॉलोनी नरवाना में ठंडी सड़क पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान चमेला कॉलोनी फाटक की तरफ से एक संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार आती दिखाई दी। पुलिस की सरकारी गाड़ी को सामने देख कर चालक ने कार वापस मोड़ कर भागने का प्रयास किया लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही काबू कर लिया। कार की तलाशी लेने पर डैशबोर्ड से 505 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपित की पहचान फतेहाबाद जिले के गांव धारसूल निवासी लखानंद पुरी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित और सप्लायर अनूप के खिलाफ थाना शहर नरवाना में नशीले पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781886 Articles

Share this story