हांसी में मां की हत्या के इरादे से लाया देसी कट्टा, वारदात से पहले सीआईए ने दबोच लिया
दो अलग-अलग कार्रवाई में दो आरोपी गिरफ्तार, एक
से कट्टा व दो जिंदा कारतूस बरामद
हिसार, 5 अक्टूबर (हि.स.)। अपराध को अंजाम देने
से पहले ही सीआईए-1 हांसी ने अवैध हथियारों के साथ दो आरोपियों को अलग-अलग कार्रवाई
में गिरफ्तार किया। पहली कार्रवाई में पुलिस ने ऐसे आरोपी को दबोचा, जिसके बारे में
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि वह अपनी मां की हत्या की नीयत से देसी कट्टा लेकर
आया था। उसके कब्जे से देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
सीआईए-1 प्रभारी उप निरीक्षक प्रदीप कुमार के
नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि विकास नगर, हांसी निवासी सिकंदर उर्फ खान
राधिका फैक्टरी के पास अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके
पर पहुंचकर उसे काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उसके लोवर से देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस
बरामद हुए। आरोपी हथियार का लाइसेंस पेश नहीं कर सका। पुलिस पूछताछ में मां की हत्या
की नीयत से हथियार लाने की बात सामने आई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना शहर हांसी में
आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
दूसरी कार्रवाई में सीआईए-1 की टीम ने उमरा रोड
स्थित दोनों नहरों के बीच पटड़ी से चार कुतुब गेट निवासी आर्यन को गिरफ्तार किया। उसके
कब्जे से भी देसी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला
दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीआईए प्रभारी ने कहा कि अवैध हथियारों के जरिए
अपराध को अंजाम देने से पहले ही आरोपियों को पकड़ना पुलिस की प्राथमिकता है। अवैध हथियार
रखने और उनका इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

