रोहतक अग्निकांड में मृतकों के परिजनों को दस-दस लाख देगी सरकार

WhatsApp Channel Join Now


झुलसी हालत में मिले शवों का होगा पोस्टमार्टम, डीसी ने दिये जांच के आदेश

रोहतक, 10 जून (हि.स.)। शहर के डी पार्क स्थित दुकानों में मंगलवार को लगी आग पर काबू पाने के लिए 9 जिलों की दमकल गाडियों की मदद ली गई। देररात आग पर काबू पाया गया। अब तक दुकानों से तीन शव निकाले जा चुके हैं। बुधवार को इन शवों का पोस्टमार्टम होगा। पोस्टमार्टम हाउस में काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए है। इस बीच मुख्यमंत्री नायब सैनी ने घटना को लेकर दुख जताया और मृतकों के परिजनों को दस-दस लाख रुपये व घायलों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मंगलवार दोपहर को डी-पार्क स्थित दुकानों में आग लग गई थी, मामले की जांच के आदेश दिये गए है। डीसी सचिन गुप्ता ने कहा है कि घटना की जांच करवाई जाएगी। साथ ही दमकल गाड़ी को करीब आधा घंटा लेट पहुंचने का आरोप है, इसकी भी जांच की जाएगी। घटना में तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और तीनों के शव पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई भेज दिये गए थे, मरने वालों की शिनाख्त भी हो चुकी है। घटना को लेकर अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जा सकता है। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने भी घटना को लेकर गहरा दुख जताया है और कहा कि वे पीड़ित परिवारों के साथ खडे़ है।

----

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल

Share this story