हिसार : बेसबॉल में भिवानी रोहिला स्कूल की छात्राओं का जलवा

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : बेसबॉल में भिवानी रोहिला स्कूल की छात्राओं का जलवा


अंडर-19 में स्वर्ण और अंडर-14 में रजत पदक जीतकर बढ़ाया विद्यालय का गौरव

हिसार, 12 सितंबर (हि.स.)। फतेहाबाद में आयोजित 59वीं राज्य स्तरीय बेसबॉल

प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, भिवानी रोहिला की छात्राओं ने शानदार

प्रदर्शन करते हुए दो पदक हासिल किए। अंडर-19 टीम ने स्वर्ण पदक, जबकि अंडर-14 टीम

ने रजत पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या कमलेश लौरा ने शनिवार काे डीपीई भतेरी देवी व सभी खिलाड़ियों

को उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय की छात्राएं पिछले कई वर्षों से राज्य

व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। यहां

प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली कई छात्राएं राष्ट्रीय स्तर पर भी खेल चुकी हैं।

डीपीई भतेरी देवी ने बताया कि वर्ष 2017 से विद्यालय की खिलाड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं

में निरंतर पदक जीत रही हैं। उन्होंने सफलता का श्रेय खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन,

नियमित अभ्यास, प्रशिक्षक के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा

कि टीम भावना और आपसी सहयोग भी खिलाड़ियों की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। गांव के सरपंच बलजीत सिंह, एसएमसी प्रधान कालूराम, गणमान्य व्यक्तियों और विद्यालय

परिवार ने खिलाड़ियों को बधाई दी। सरपंच ने बेसबॉल मैदान पर बेहतर प्रशिक्षण के लिए

हरसंभव सुविधा उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story