जींद : हांसी ब्रांच नहर में डूबने से व्यक्ति की मौत

WhatsApp Channel Join Now
जींद : हांसी ब्रांच नहर में डूबने से व्यक्ति की मौत


जींद, 21 जुलाई (हि.स.)। हांसी ब्रांच नहर में डूबने से मंगलवार को एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में ले नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है। मौके से नहर पटरी पर शराब की खाली बोतल तथा कपड़े भी मिले हैं। व्यक्ति की मौत कैसे हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम होने के बाद हो पाएगा। फिलहाल शहर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

राजनगर निवासी 45 वर्षीय जयभगवान फर्नीचर का काम करता था। मंगलवार को किसी का फोन आने पर वह घर से निकला था। जिसके बाद उसका शव हांसी ब्रांच से निकाल नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। मृतक के पिता राजेंद्र ने बताया कि किसी का फोन आया था। जिसके बाद जयभगवान घर से चला गया। उन्हें पता चला कि उसके तीन-चार दोस्त भी थे। नहर पटरी पर उनके साथ बैठा देखा गया था। वहां पर शराब की बोतल भी पड़ी हुई थी। कपड़े भी वहीं रखे थे।

अब जयभगवान नहर पर पहुंचा कैसे और डूबा कैसे यह उनकी समझ से परे है। फिलहाल शहर थाना पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है। यभगवान की मौत डूबने से हुई या कोई और कारण रहा, इसका खुलासा पोस्टमार्टम के बाद हो पाएगा। शहर थाना के जांच अधिकारी रामनिवास ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। फिलहाल मृतक के शव के पोस्टमार्टम को लेकर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story