हिसार : निजी कंपनियों को बिजली वितरण सौंपने से आम आदमी पर बढ़ेगा बोझ : दलबीर किरमारा

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : निजी कंपनियों को बिजली वितरण सौंपने से आम आदमी पर बढ़ेगा बोझ : दलबीर किरमारा


सरकार को जनता की नहीं, पूंजीपतियों के मुनाफे की चिंता, इनेलो हर स्तर पर

करेगी विरोध

हिसार, 21 अक्टूबर (हि.स.)। इनेलो प्रदेश सचिव दलबीर किरमारा ने गुरुग्राम

और नूंह में निजी कंपनी को बिजली वितरण का समानांतर लाइसेंस देने के फैसले की कड़ी

आलोचना करते हुए इसे आम जनता के हितों के खिलाफ बताया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार

की नीतियों में पूंजीपतियों के हितों को प्राथमिकता दी जा रही है, जबकि आम उपभोक्ताओं,

किसानों और गरीब परिवारों की समस्याओं की अनदेखी हो रही है। बिजली जैसी बुनियादी सुविधा

को मुनाफे का माध्यम बनाने से भविष्य में जनता की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

दलबीर किरमारा ने बुधवार काे कहा कि हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग की ओर से इलेवन पावर

प्राइवेट लिमिटेड को गुरुग्राम और नूंह में 25 साल के लिए बिजली वितरण का लाइसेंस देना

कई सवाल खड़े करता है। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि हाल ही में गठित कंपनी को इतने

लंबे समय के लिए लाइसेंस देने का आधार क्या है और इससे प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं

को क्या लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि निजी कंपनियां आमतौर पर अधिक मुनाफे वाले औद्योगिक,

वाणिज्यिक और शहरी उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देती हैं, जबकि किसानों, ग्रामीण परिवारों

और गरीब उपभोक्ताओं को बिजली उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी सरकारी निगमों पर रहती है।

यदि निजी कंपनियां राजस्व देने वाले उपभोक्ताओं को अपने साथ जोड़ती हैं, तो सरकारी

बिजली निगमों की आमदनी प्रभावित हो सकती है। इससे किसानों और गरीब परिवारों को राहत

देने वाली व्यवस्था पर भी दबाव बढ़ने की आशंका है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764371 Articles

Share this story