जींद : प्रदेश में गांव, गरीब, किसान और आमजन की सरकार : बेदी

WhatsApp Channel Join Now
जींद : प्रदेश में गांव, गरीब, किसान और आमजन की सरकार : बेदी


जींद, 07 जून (हि.स.)। हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि प्रदेश में गांव, गरीब, किसान और आमजन की सरकार है। गरीब कल्याण और ग्रामीण विकास की सर्वोच्च प्राथमिकता पर फोकस कर राज्य सरकार द्वारा जनकल्याणकारी योजनाएं बनाकर निरंतर विकास परियोजनाओं को अमलीजामा पहनाया जा रहा है। ग्रामीण आंचल में ढा़णियों तक बिजली लाइनें और सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। साथ ही पेयजल व्यवस्था, बेहतर शिक्षा तथा चिकित्सा सुविधाओं जैसी बुनियादी जरूरतों का विस्तार किया जा रहा है। भविष्य में गांवों में भी शहरों की तर्ज पर समग्र विकास लाजिमी बनेगा।

कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी रविवार को विधानसभा क्षेत्र के गांव हथो में ग्रामीण सभा को संबोधित कर रहे थे। कैबिनेट मंत्री ने दो करोड़ 35 लाख रुपये से बनने वाले नए स्कूल भवन के रूप में गांव को विकास की एक ओर सौगात दी। सर्वशिक्षा अभियान के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बनने वाले इस भवन में आधुनिक सुविधाओं से लैस 19 कमरे होंगे। उनमें से तीन कमरों में आधुनिक तकनीकी स्तर की अलग-अलग सांइस लैब बनेगी।

इस प्रकार मौजूदा सरकार के केवल 18 महीने के कार्यकाल के दौरान हथो गांव के विकास के लिए चार करोड़ 85 लाख से ज्यादा की रिकॉर्ड धनराशि अलॉट की जा चुकी है। विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कैबिनेट मंत्री ने स्कूल प्रांगण में पौधारोपण भी किया। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान केंद्र व राज्य सरकार का विजऩ ग्रामीण विकास है जबकि अन्य दलों की सरकारों के दौरान इस विषय की ओर ध्यान नहीं दिया गया। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि आजादी के बाद देश व प्रदेशों में करीब 50 साल तक लगातार एक विशेष दल की सरकार रही और इस दौरान गांव व ग्रामीणों को विकास परियोजनाओं व कल्याणकारी सुविधाओं से लगभग वंचित रखा गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story