सिरसा: बजट में सभी वर्गों के कल्याण के लिए व्यापक प्रावधान: डॉ. चौहान

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: बजट में सभी वर्गों के कल्याण के लिए व्यापक प्रावधान: डॉ. चौहान


सिरसा, 03 मार्च (हि.स.)। हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक डा. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा प्रस्तुत किए गए बजट प्रस्ताव विकसित और अग्रणी हरियाणा के निर्माण की गति को तीव्रता प्रदान करेंगे। बजट प्रस्तावों में खेत खलिहान से लेकर ड्रोन की उड़ान और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तक विविध क्षेत्रों और समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए व्यापक प्रावधान किए गए हैं। डॉ. वीरेंद्र चौहान मंगलवार को सिरसा में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

डॉ. वीरेंद्र चौहान ने बजट की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाला तथा भविष्य की दिशा तय करने वाला है। उन्होंने इसे वित्तीय अनुशासन पर आधारित एवं आम जनता को समर्पित बजट बताया। उन्होंने बताया कि बजट तैयार करने से पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेशभर के विभिन्न वर्गों से सुझाव आमंत्रित किए गए थे, जिनके आधार पर यह जनहितैषी बजट तैयार किया गया। इसलिए इस बजट को जनता की सलाह से जनता के कल्याण के लिए जनता की चुनी हुई सरकार द्वारा तैयार किया गया जनहितैषी बजट कहा जा सकता है। आज हरियाणा में स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, बिजली तथा इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी सरकार द्वारा उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं।

डॉ. चौहान ने कृषि क्षेत्र में नए बिजली वितरण निगम की घोषणा तथा कृषि से जुड़ी कई अन्य योजनाओं को किसानों के हित में प्रभावशाली कदम बताया। वहीं आयुष्मान भारत योजना और लाडो लक्ष्मी योजना के विस्तार को जन-जन के विकास में महत्वपूर्ण बताया। महिलाओं के रोजगार सृजन हेतु पिंक कैब योजना के अंतर्गत 10 लाख रुपये की ब्याज मुक्त सहायता, डेयरी स्थापना के लिए न्यूनतम दरों पर भूखंड उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के निर्णयों की भी उन्होंने सराहना की। प्रो. वीरेंद्र चौहान ने इस बजट को हरियाणा के उज्ज्वल भविष्य का विजन बताते हुए कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर हरियाणा की नींव को मजबूत करेगा। इस अवसर पर नगर परिषद सिरसा के चेयरमैन वीर शांति स्वरूप, अंबर मेहता, सागर केहरवाला, देवराज मोइल, सुमन सैनी, विष्णु शर्मा आदि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story