हथिनीकुंड बैराज हादसे में लापता सेना के जवान का शव हांसी ब्रांच नहर से बरामद

WhatsApp Channel Join Now
हथिनीकुंड बैराज हादसे में लापता सेना के जवान का शव हांसी ब्रांच नहर से बरामद


जींद, 03 सितंबर (हि.स.)। यमुनानगर में हथिनीकुंड बैराज हादसे में लापता हुए सेना के एक जवान का शव गुरूवार को गांव अमरहेड़ी के निकट हांसी ब्रांच नहर से बरामद हुआ। मृतक की शिनाख्त गांव कोलपिमरी जिला जलगांव, महाराष्ट्र निवासी रोहित नारायण पाटिल के तौर पर हुई है। मृतक अपने पीछे पत्नी, माता-पिता व दो वर्षीय बच्चे को छोड़ गया है। मृतक को हैलीकॉप्टर से चंडीगढ़ ले जाया जाएगा और पोस्टमार्ट यमुनानगर में करवाया जाएगा।

एसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि मृतक जवान के शव को पुलिस लाइन से हैलीकॉप्टर से ले जाया गया है। गौरतलब है कि गत एक सितंबर की शाम प्रैक्टिस के दौरान पांच जवान चिनूक हेलिकॉप्टर से यमुना में खड़ी बोट पर कूदे थे। इसी दौरान अचानक बोट डूब गई। तीन जवान तैर कर बाहर निकल आए, जबकि दो जवान लापता हो गए थे। हादसे के बाद सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन की टीमें यमुनानगर से लेकर आसपास की नहरों में सर्च ऑपरेशन चला रही थी। गांव कोलपिमरी जिला जलगांव, महाराष्ट्र निवासी रोहित नारायण पाटिल व जम्मू-कश्मीर के अखनूर निवासी अजय का कुछ पता नही चल पा रहा था।

गुरूवार को स्थानीय लोगों ने गांव अमरहेड़ी के निकट एक शव को देखा। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। हांसी ब्रांच नहर पश्चिमी यमुना नहर की मुनक हेड से निकलती है। शव की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को नहर से बाहर निकाला। मृतक की शिनाख्त गांव कोलपिमरी जिला जलगांव, महाराष्ट्र निवासी रोहित नारायण पाटिल के तौर पर हुई है। मृतक के शव को कब्जे में ले स्थानीय पुलिस लाइन लाया गया। जहां से सेना के जवानों द्वारा हैलीकॉप्टर के माध्यम से शव को ले जाया गया। मृतक के शव का पोस्टमार्टम के लिए यमुनानगर ले जाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story