जींद : भाजपा के 12 वर्षों के शासनकाल में देश हुआ कमजोर: बृजेंद्र सिंह
जींद, 15 जून (हि.स.)। हिसार के पूर्व सांसद एवं कांग्रेस नेता बृजेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा के 12 वर्षों के शासनकाल में देश अंदर से कमजोर हुआ है और लोकतंत्र व संविधान की रक्षा के लिए देश को आजादी की दूसरी लड़ाई लडऩी पड़ सकती है।
कांग्रेस नेता बृजेंद्र सिंह सोमवार को उचाना स्थित राजीव गांधी कॉलेज में कार्यकर्ताओं से रूबरू होने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हाल के घटनाक्रमों में भारतीयों से जुड़े समुद्री जहाजों को निशाना बनाए जाने के बावजूद केंद्र सरकार खुलकर अमेरिका की आलोचना नहीं कर पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने और झूठे आंकड़ों के सहारे देश को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि देश में निष्पक्ष चुनावों को लेकर लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। बृजेंद्र सिंह ने कहा कि केवल पगड़ी पहन लेने से पंजाब में वोट नहीं मिलेंगे। वहां जाकर वो कौनसी उपलब्धियां सीएम गिनवा रहे हैं वो हमको भी बता दें तो हम उसका जबाव देंगे। वो हरियाणा में कम पंजाब दौरे पर ज्यादा रहते है। आज प्रदेश में कानून व्यवस्था का क्या हाल है सबके सामने है। हर रोज प्रदेश में मर्डर की घटनाएं हो रही है। दिग्विजय चौटाला के जींद को राजधानी बनाने संबंधी बयान पर कांग्रेस नेता ने कहा कि बड़ी-बड़ी बातें करने से पहले जनप्रतिनिधि के तौर पर चुनाव जीतकर दिखाना चाहिए। वो आज तक सरपंच का चुनाव नहीं जीते है। उनका कद ऊंचा है इसलिए बड़ी-बड़ी बातें करते हंै। अब जींद की जनता को भ्रमित करने की राजनीति नहीं चलने वाली।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

