हिसार : छोटी-छोटी बचत ही भविष्य में बड़ी सुरक्षा का आधार : प्रो. बीआर कम्बोज
हकृवि में डाक विभाग की योजनाओं को लेकर जागरूकता
कार्यक्रम आयोजित
हिसार, 25 मार्च (हि.स.)। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय
में डाक विभाग द्वारा संचालित की जा रही योजनाओं की जागरूकता पर कार्यक्रम आयोजित किया
गया। कृषि अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय में बुधवार काे आयोजित इस कार्यक्रम में
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज मुख्य अतिथि रहे जबकि हिसार डाक मंडल के
अधीक्षक अनिल कुमार रोज विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। मंच पर कुलसचिव डॉ. पवन
कुमार और उपरोक्त महाविद्यालय के अधिष्ठाता एवं अनुसंधान निदेशक डॉ. राजबीर गर्ग भी
उपस्थित रहे।
कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने अपने सम्बोधन में
कहा कि डाकघर की योजनाएं आज भी निवेश का सबसे सुरक्षित और भरोसेमंद माध्यम हैं। छोटी-छोटी
बचत ही भविष्य में बड़ी सुरक्षा का आधार बनती है। डाकघर की योजनाएं आम नागरिकों के
आर्थिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने डाक विभाग की योजनाओं
को सुरक्षित और विश्वसनीय निवेश का माध्यम बताते हुए कहा कि यह योजनाएं आमजन के आर्थिक
सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। डिजिटल युग में डाक सेवाओं के आधुनिकीकरण
को अपनाकर अपने भविष्य को उज्जवल बनाएं। उन्होंने बताया कि हम बचत के माध्यम से अपने
परिवार और समाज को और अधिक सशक्त बना सकते हैं।
हिसार मंडल के डाक अधीक्षक एवं विशिष्ट अतिथि
अनिल कुमार रोज ने बताया कि हिसार डिविजन में 515 पोस्ट ऑफिस हैं, जिनमें नौ लाख
26 हजार बचत बैंक के खाते हैं इसके अतिरिक्त 10 साल से कम उम्र की कन्याओं के लिए सुकन्या
समृद्धि योजना के अंतर्गत 1 लाख 46000 खाते खोले गए हैं। उन्होंने बताया कि हिसार डिविजन
में 23 पोस्ट ऑफिस आधार अपडेशन तथा नए आधार बनाने का कार्य कर रहे हैं। इसके अलावा
सिरसा एवं हिसार में पासपोर्ट बनाने का कार्य भी किया जा रहा है। कुलसचिव एवं कार्यक्रम
के आयोजक डॉ पवन कुमार ने कहा कि डाक विभाग केवल चिट्ठी भेजने का कार्य ही नहीं करता
बल्कि यह डाक, बैंक, बीमा और डिजिटल सेवाओं का एकीकृत केन्द्र बन चुका है।
उन्होंने
बताया कि डाक विभाग कर्मचारियों व स्नातकों के लिए डाक जीवन बीमा व ग्रामीण क्षेत्र
वासियों के लिए ग्रामीण डाक जीवन बीमा जैसी लाभकारी योजनाएं चला रहा है। सहायक अधीक्षक
कृष्ण कुमार रोहिल्ला ने डाक विभाग द्वारा संचालित की जा रही योजनाओं विशेषकर डाक जीवन
बीमा, बचत खाता, आवर्ती जमा (आरडी), सावधि जमा (एफडी), पब्लिक प्रोविडेंट फंड (पीपीएफ),
सुकन्या समृद्धि योजना और वरिष्ठ नागरिकों के लिए चलाईं जा रही योजनाओं के बारे में
विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी डाकघर लोगों को आसान
और सुलभ बैंकिंग सुविधाएं प्रदान कर रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

