हिसार : छोटी टीम, बड़ा बदलाव: ‘हमारा प्यार-हिसार’ ने बदली दीवार की सूरत
कुछ घंटों की मेहनत से बदरंग दीवार को दिया स्वच्छ और आकर्षक स्वरूप
हिसार, 13 सितंबर (हि.स.)। शहर को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर बनाने के उद्देश्य
से नागरिक समूह ‘हमारा प्यार-हिसार’ की ओर से रविवार को टाउन पार्क के सामने पेंटिंग अभियान
चलाया गया। अभियान के दौरान टीम के सदस्यों ने दीवार की सफाई कर उस पर सफेद रंग किया
और उसके बदरंग स्वरूप को बदलकर स्वच्छ एवं आकर्षक बना दिया।
समूह के सदस्यों ने कहा कि शहर को सुंदर बनाने के लिए बड़े संसाधनों या बड़ी
टीम की जरूरत नहीं है। नागरिक यदि अपने शहर को अपना समझकर छोटे-छोटे प्रयास नियमित
रूप से करें तो सामूहिक रूप से बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। इसी उद्देश्य से समूह की
ओर से प्रत्येक रविवार को अलग-अलग सामाजिक एवं नागरिक गतिविधियां आयोजित की जा रही
हैं।
अभियान में एसके गर्ग, राज वर्मा, कमल भाटिया, एचके भाटिया, राजबीर दूहन, साइरा
दूहन, राजन वर्मा, भाविका, गगन मेहता, मनीष गोयल, प्रवीण अग्रवाल, मेघा और रिया ने
सक्रिय भागीदारी की।
सदस्यों ने आओ मिलकर संवारें अपना शहर का संदेश देते हुए शहरवासियों से सार्वजनिक
दीवारों और स्थानों को गंदा न करने, अनावश्यक पोस्टर व लिखावट से शहर की सुंदरता खराब
न करने तथा अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने की अपील की।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

