जींद : नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी रिश्तेदार नामजद

WhatsApp Channel Join Now
जींद : नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी रिश्तेदार नामजद


पति की मौत के बाद घर आने-जाने लगा था आरोपी, धमकी देकर छह माह तक करता रहा शोषण, मां की शिकायत पर मामला दर्ज

जींद,

14 सितंबर (हि.स.)। सदर थाना नरवाना क्षेत्र के एक गांव में 15 वर्षीय नाबालिग लड़की से रिश्तेदार द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की शिकायत पर सदर थाना नरवाना पुलिस ने गांव बुडाना निवासी अनिल के खिलाफ पोक्सो अधिनियम समेत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि करीब छह माह पहले उसके पति की मौत हो गई थी। इसके बाद उनका रिश्तेदार अनिल घर पर हालचाल जानने के लिए आने-जाने लगा। महिला के अनुसार, गत एक जून को उसकी 15 वर्षीय बेटी घर पर अकेली थी। आरोप है कि अनिल ने उसके साथ दुष्कर्म किया और घटना किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इसके बाद भी वह घर आता रहा और नाबालिग का यौन शोषण करता रहा। गत 12 सितंबर को भी आरोपी ने घर आकर उसके साथ दुष्कर्म किया। लगातार हो रही हरकतों से परेशान होकर बेटी ने अपनी मां को पूरी घटना बताई।

सदर थाना नरवाना की जांच अधिकारी सुनीता ने सोमवार को बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत पर एक व्यक्ति को नामजद कर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story