जींद : शराब ठेके के बाहर फायरिंग से मचा हड़कंप

WhatsApp Channel Join Now
जींद : शराब ठेके के बाहर फायरिंग से मचा हड़कंप


जींद, 18 जून (हि.स.)। जुलाना थाना पुलिस ने गांव शामलो कलां में बुधवार रात शराब ठेके में गाड़ी सवार युवकों द्वारा फायरिंग करने पर एक युवक को नामजद कर पांच-छह अन्य के खिलाफ शस्त्र अधिनियम, दहशत फैलाने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गांव निर्जन निवासी विकास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका गांव शामलो कलां में शराब का ठेका है। बुधवार रात सेल्जमैन ने बताया कि गाड़ी में सवार युवकों ने शराब ठेके के बाहर हवाई फायर किए हैं। सूचना पाकर जब वह शराब ठेके पर पहुंचा तो फायरिंग करने वाले युवक वहां से जा चुके थे। जब उसने शराब ठेके मे लगे सीसी टीवी कैमरों की फूटेज को देखा तो गांव शामलो खुर्द निवासी हैप्पी तथा पांच छह अन्य युवक दिखाई दिए। जिसमें हैप्पी व एक अन्य फायर कर रहे हैं। जबकि अन्य के हाथों में भी हथियार दिखाई दे रहे हैं। घटना की सूचना पाकर जुलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया।

जुलाना थाना पुलिस ने शराब ठेकेदार विकास की शिकायत पर हैप्पी को नामजद कर पांच-छह अन्य के खिलाफ शस्त्र अधिनियम, दहशत फैलाने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जुलाना थाना के जांच अधिकारी मुरारी लाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। फिलहाल शराब ठेकेदार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया। आरोपितों की धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story