जींद : ट्रक के पीछे घुसी कार, दो युवकों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
जींद : ट्रक के पीछे घुसी कार, दो युवकों की मौत


जींद, 05 मार्च (हि.स.)। जम्मू-कटरा टोल प्लाजा के निकट 152 डी नेशनल हाइवे पर ट्रक के पीछे एक कार घुस गई। इसमें कार सवार दो युवकों की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

उत्तर प्रदेश के शामली के गांव कंडेला निवासी रजनीश ने गुरुवार काे पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पंचकूला सेक्टर 16 स्थित बिग हैप्पी कंपनी में कार्यरत है। वह अपने साथी हिसार निवासी मनमोहन (39), नैनीताल उत्तराखंड निवासी 25 वर्षीय कर्ण मेहरा और गांव भैंसा चंदौली उत्तर प्रदेश निवासी आकाश के साथ क्रेटा कार में सवार होकर निजी कार्य से दिल्ली जा रहा था। जब वे 152 डी नेशनल हाईवे पर जींद के पिल्लूखेड़ा क्षेत्र में जम्मू-कटरा टोल प्लाजा के पास पहुंचे तो आगेआगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए जिससे उनकी कार ट्रक के पीछे जा घुसी। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें नागरिक अस्पताल जींद लाया गया। जहां चिकित्सकों ने मनमोहन और कर्ण मेहरा को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसे तथा आकाश की गंभीर हालत के चलते पीजीआईएमएस रोहतक रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही थाना पिल्लूखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची।

पिल्लूखेड़ा थाना के जांच अधिकारी संजीत कुमार ने बताया कि मृतकों के शवों का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से ट्रक नंबर और चालक की तलाश की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने घायल रजनीश की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story