जींद : पशुबाड़े में आग से दो भैंस व एक गाय की जलकर मौत

WhatsApp Channel Join Now
जींद : पशुबाड़े में आग से दो भैंस व एक गाय की जलकर मौत


जींद, 30 मई (हि.स.)। गांव रधाना में शनिवार को पशुबाड़े में शार्ट सर्किट के चलते आग लग गई। आग लगने की सूचना पाकर फायर ब्रिगेड कर्मचारी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक आग लगने से दो भैंस तथा एक गाय की जिंदा जलने से मौत हो चुकी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गांव रधाना निवासी महेंद्र ने मकान के साथ पशुबाड़ा बनाया हुआ है। जिसमें पशु बांधने के साथ पशुचारे का भी भंडारण किया था। शनिवार दोपहर बाद अचानक पशुबाड़े में आग भड़क उठी। घटना के दौरान परिवार के लोग अपने घर मे कामकाज का निपटा रहे थे। हवा भी काफी तेज चल रही थी। उसी दौरान पशुओं के रांभने की आवाज परिजनों को सुनाई दी। जब उन्होंने पशुबाड़े की तरफ देखा तो आग भयंकर रूप धारण कर चुकी थी। शोर मचाए जाने पर ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने की भी कोशिश की लेकिन आग फैलती चली गई। जिससे पशुबाड़े की छत भी जल कर नीचे गिर गई। जिसमें बंधी दो भैंस तथा एक गाय जिंदा जल कर मौत हो गई।

घटना की सूचना पाकर सदर थाना पुलिस तथा फायर बिग्रेड मौके पर पहुंच गई और कड़ी मशकत के बाद आग पर काबू पाया। आग के कारण भंडारण किया गया चारा तथा कुछ अन्य घरेलू सामान भी जल गया। मकान मालिक महेंद्र ने बताया कि आग शार्ट सर्किट के कारण लगी है। जिसके चलते उसकी दो भैंस तथा एक गाय की जलकर मौत हो गई। पशु चारा भी जल गया और पशुबाड़े की छत भी गिर गई। उसके घर में घरेलू उपकरण भी जल गए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story