हिसार में लाइसेंसी रिवॉल्वर से चली गोली, बच्चे की मौत
हिसार, 13 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के कस्बे मंडी आदमपुर की शिव कॉलोनी में मंगलवार
शाम लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चलने के कारण 12 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक की
पहचान क्रांति चौक निवासी रवि गोयल के बेटे देविक गोयल के रूप में हुई है। हादसा उस
समय हुआ, जब देविक अपने दोस्त के घर गया हुआ था। गोली उसके माथे पर लगी, जिससे उसकी
मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, देविक मंगलवार शाम अपने दोस्त अजय पुत्र गौतम सुथार के
घर गया था। बुधवार को मदर प्राइड कॉन्वेंट स्कूल, मंडी आदमपुर की सातवीं कक्षा के विद्यार्थियों
का शिमला टूर जाना था। इसी सिलसिले में दोनों बच्चे घर में रखी लोहे की अलमारी खोल
रहे थे। बताया जा रहा है कि अलमारी में गौतम सुथार का लाइसेंसी रिवॉल्वर रखा हुआ था।
बताया गया है कि देविक ने रिवॉल्वर देखने के लिए उसे हाथ में लिया। इसी दौरान
ट्रिगर दबने से गोली चल गई और उसके माथे पर जा लगी। गोली लगने से बच्चा गंभीर रूप से
घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। पुलिस
मामले की जांच में जुटी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और गोली चलने के कारणों
का पता लगाया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

