जींद : मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हरियाणा निरंतर विकास की राह पर अग्रसर : डा. कृष्ण मिड्ढा

WhatsApp Channel Join Now
जींद : मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हरियाणा निरंतर विकास की राह पर अग्रसर : डा. कृष्ण मिड्ढा


जींद, 19 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में हरियाणा निरंतर विकास की राह पर अग्रसर है। जींद हरियाणा का दिल है और इसे मजबूत व विकसित बनाने का कार्य लगातार जारी रहेगा।

डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा रविवार को भगवान परशुराम जयंती एवं अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर जींद-सफीदों रोड के नवीनीकरण का शिलान्यास करने के बाद आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह परियोजना जींद के विकास में एक मील का पत्थर साबित होगी। आज का दिन अत्यंत पवित्र और शुभ है। एक लंबे समय की बहुत ही महत्वपूर्ण परियोजना का कार्य शुरू होना हम सभी के लिए गर्व की बात है। इस परियोजना के तहत जींद से सफीदों तक लगभग 41 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। जिसकी चौड़ाई करीब 10 मीटर होगी और इस पर लगभग 56 करोड़ 62 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी।

यह सड़क क्षेत्र के विकास को नई गति देगी। डा. मिड्ढा ने कहा कि सड़क निर्माण के दौरान कुछ पेड़ों की कटाई होगी, उसके बदले में दोगुने पेड़ लगा कर पर्यावरण को सुरक्षित रखा जाएगा। इसके लिए सरकार द्वारा दूसरी जगह भूमि की व्यवस्था की जा चुकी है लेकिन अब सड़क के नवीनीकरण का कार्य शुरू हो चुका है और इसको समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। इस परियोजना के तहत शहर में सफीदों गेट से भगवान परशुराम चौक तक सीसी सड़क बनाई जाएगी। लाइट की व्यवस्था की जाएगी। जबकि आगे ब्लैक टॉप सड़क का निर्माण होगा।

उन्होंने कहा कि इस सड़क को बनवाने के लिए लोगों की काफी लंबे समय से मांग थी, जिसको अब पूरा करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का कहना है कि विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है और सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रदेश के विकास में जुटी हुई है। आज जींद जिला को नौ नेशनल हाइवे से जोड़ा जा चुका है। जहां इतने नेशनल हाईवे होंगें, वहां का विकास होना स्वाभाविक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story