नूंह में फर्जी नंबर प्लेट लगी थार समेत युवक काबू, अवैध हथियार व 13 मोबाइल फोन बरामद

WhatsApp Channel Join Now
नूंह में फर्जी नंबर प्लेट लगी थार समेत युवक काबू, अवैध हथियार व 13 मोबाइल फोन बरामद


नूंह, 29 जुलाई (हि.स.)। नूंह जिले की फिरोजपुर झिरका सदर थाना पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगी थार गाड़ी से अवैध देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और 13 संदिग्ध मोबाइल फोन बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

नूंह पुलिस प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि एक टीम 28 जुलाई को बीवा रोड क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि ताज मोहम्मद निवासी गांव जैताका थाना नगीना जिला नूंह, समीम निवासी जैताका तथा उसके अन्य साथी एक थार गाड़ी में फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहे हैं और अवैध देशी कट्टे के बल पर राहगीरों से मोबाइल फोन एवं नकदी लूटने की वारदातों को अंजाम देते हैं।

उक्त लोग राजस्थान के राजगढ़ क्षेत्र की ओर से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर लूटपाट करने के बाद गांव बघोला स्थित रेस्ट एरिया में मौजूद हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल बताए गए स्थान पर छापेमारी की। वहां एक थार गाड़ी के पास चार-पांच युवक खड़े दिखाई दिए। पुलिस को देखकर सभी युवक भागने लगे, जिनमें से चार फरार हो गए, जबकि पुलिस ने एक युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान ताज मोहम्मद निवासी जैताका थाना नगीना जिला नूंह के रूप में हुई। आरोपी की तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक ओप्पो मोबाइल फोन बरामद हुआ।

पुलिस ने मौके पर खड़ी काले रंग की थार गाड़ी की तलाशी ली तो उसके आगे एचआर 96-1369 नंबर अंकित पाया गया, जबकि पीछे कोई नंबर प्लेट नहीं लगी थी। गाड़ी के अंदर एक बैग से कुल 13 टच स्क्रीन मोबाइल फोन बरामद हुए, जिनमें वीवो, ओप्पो, रेडमी और एप्पल सहित विभिन्न कंपनियों के मोबाइल शामिल हैं। सभी मोबाइल फोन लॉक अवस्था में मिले और आरोपी उनके संबंध में कोई वैध दस्तावेज या बिल प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके अलावा गाड़ी से एक हरे रंग की पॉलिथीन में रखा अवैध देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए। पूछताछ के दौरान आरोपी हथियार संबंधी कोई लाइसेंस अथवा वैध दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर पाया।

जांच के दौरान पुलिस को गाड़ी के अंदर दो अलग-अलग नंबर प्लेट भी बरामद हुई। वाहन के चेसिस और इंजन नंबर को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से जांचने पर पता चला कि थार का वास्तविक नंबर एचआर72 के -9406 है, जबकि उस पर लगी एचआर96-1369 नंबर प्लेट किसी अन्य वाहन के नाम पर पंजीकृत है। इससे स्पष्ट हुआ कि वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया जा रहा था। बरामद 13 मोबाइल फोन के संबंध में कोई दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने के कारण उन्हें चोरी अथवा अपराध से संबंधित संपत्ति होने के संदेह में अलग से पुलिस कब्जे में लिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Share this story