जींद : आढ़तियों ने वेयर हाउस अधिकारियोंं पर लगाए गेहूं चोरी के आरोप, उपायुक्त काे शिकायत
जींद, 05 मई (हि.स.)। नगूरां खरीद केंद्र के आढ़तियों तथा किसानों ने वेयर हाउस के अधिकारियों पर गेहूं चोरी करने के आरोप लगाते हुए मामले की शिकायत मंगलवार काे उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा को दी है। शिकायत में नगूरां खरीद केंद्र के आढ़ती राजेश, मनदीप, जस्सा, दिलबाग, राजेंद्र, जयबीर, नवीन आदि ने बताया कि वेयर हाउस अधिकारियों द्वारा नगूरां खरीद केंद्र से गेहूं चोरी किया जा रहा है।
क्योंकि एजेंसी के इंचार्ज ने मार्केट कमेटी सचिव की बिना परमिशन के किसानों व आढ़तियों के पहले से रखे स्टॉक में अपना स्टॉक मिलवा दिया है। जिसके कारण आढ़तियों तथा एजेंसी के गेहंू का आपस में मिलान होने के कारण यह पता नहीं चल रहा कि एजेंसी तथा आढ़तियों को गेहूं कितना-कितना है। जिससे साबित होता है कि एजेंसी के अधिकारी की गेहूं मिलान मामले में मंशा सही नही है। आढ़तियों का कहना है कि एजेंसी के अधिकारी द्वारा स्टॉक को आपस में मिलवा कर गेहूं चोरी किया जा रहा है।
मामले को लेकर अधिकारियों से बात की जाती है तो उनके द्वारा उल्टा धमकाने का काम किया जाता है। आढ़तियों ने डीसी से मामले को लेकर विजिलेंस जांच करवाने की मांग की है ताकि दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई हो सके। वेयर हाउस नगूरां के इंचार्ज जयदीप ने बताया कि अधिकारियों की परमिशन सेे नगूरां खरीद केंद्र पर अलेवा अनाज मंडी तथा नगूरां की गेहूं का स्टॉक लगाया जा रहा है। किसानों तथा आढ़तियों के स्टॉक में स्टॉक लगाने के आरोप निराधार हैं। गोदाम पूरा भरा होने के कारण बाहर खरीद केंद्र पर गेहूं का स्टॉक लगाया जा रहा है। ऐसे में आढ़तियों तथा किसानों द्वारा गेहूं चोरी करने के आरोप निराधार हैं।
मार्केट कमेटी सचिव विकास ढिल्लो ने बताया कि गोदाम में जगह पूरी होने के कारण बाहर नगूरां तथा अलेवा अनाज मंडी से पहुंची गेहूं का स्टॉक लगाया जा रहा था। आढ़तियों के ऐतराज के बाद फिलहाल बंद कर दिया है। आढ़तियों के गेहूं तथा विभाग के स्टॉक के मिलने वाली बात निराधार है। अगर उठान जल्द होगा तो किसानों की पेमेंट जल्द आएगी। इसके लिए किसानों तथा आढ़तियों का ही फायदा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

