हिसार : 11 करोड़ से अधिक की मंजूरी के बावजूद बालसमंद कॉलेज के भवन का टेंडर अटका

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : 11 करोड़ से अधिक की मंजूरी के बावजूद बालसमंद कॉलेज के भवन का टेंडर अटका


पुराने कमरों को कंडम घोषित कर तोड़ा

कक्षाओं के साथ कार्यालय चलाने में भी

हो रही परेशानी

ग्रामीणों ने मांगी वैकल्पिक व्यवस्था

हिसार, 11 नवंबर (हि.स.)। बालसमंद स्थित चौधरी भजनलाल राजकीय महाविद्यालय में

स्थायी भवन के अभाव में विद्यार्थियों की पढ़ाई और कॉलेज का प्रशासनिक कामकाज प्रभावित

हो रहा है। करीब 150 विद्यार्थियों की कक्षाएं और कार्यालय का पूरा काम महज पांच कमरों

में चल रहा है। कॉलेज भवन के निर्माण के लिए 11 करोड़ 3 लाख 56 हजार रुपये की मंजूरी

मिल चुकी है, लेकिन अभी तक निर्माण का टेंडर जारी नहीं हो पाया है। ऐसे में नए भवन

का इंतजार लंबा होता जा रहा है।

कॉलेज के पुराने कमरों को विभाग की ओर से कंडम घोषित किए जाने के बाद उन्हें

तुड़वा दिया गया है। इससे विद्यार्थियों के बैठने के लिए जगह की कमी हो गई है। वहीं

कार्यालय का रिकॉर्ड और अन्य सामान रखने में भी परेशानी आ रही है। सीमित जगह में कॉलेज

स्टाफ को कक्षाएं लगाने के साथ प्रशासनिक कार्य भी निपटाने पड़ रहे हैं। चौधरी भजनलाल राजकीय महाविद्यालय की शुरुआत 5 जुलाई 2018 को हुई थी। तब से

कॉलेज गांव के सरकारी प्राथमिक विद्यालय के भवन में संचालित हो रहा है। शुरुआत में

यहां बीए और बीकॉम दोनों पाठ्यक्रम शुरू किए गए थे, लेकिन विद्यार्थियों की संख्या

कम रहने के कारण बाद में बीकॉम पाठ्यक्रम बंद करना पड़ा।

ग्रामीण राजकुमार, मनजीत लौरा, सुरेश, संदीप लाटा और सुशील का कहना है कि कॉलेज

भवन के लिए करोड़ों रुपये की मंजूरी मिलने के बावजूद टेंडर प्रक्रिया शुरू नहीं हो

पाई है। पुराने कमरों को भी तोड़ दिया गया है, जिससे कॉलेज के सामने जगह की समस्या

और बढ़ गई है। उन्होंने मांग की कि जब तक नया भवन तैयार नहीं होता, तब तक कक्षाओं और

कार्यालय के संचालन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। पांच कमरों में 150 विद्यार्थियों

की पढ़ाई और कार्यालय का काम चलाना मुश्किल हो रहा है। लोक निर्माण विभाग बीएंडआर के एक्सईएन गौरव जैन ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया

शुरू करने के लिए एक स्कीम की मंजूरी अग्निशमन विभाग से मांगी गई है। वहां से स्वीकृति

मिलने के बाद प्रस्ताव मुख्यालय भेजा जाएगा, जहां टेंडर की प्रक्रिया पूरी होगी। उन्होंने

कहा कि कॉलेज भवन के निर्माण और टेंडर प्रक्रिया में अभी समय लगेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775260 Articles

Share this story