सोनीपत में मंदिर के पुजारी की पीटकर हत्या, दूसरे पुजारी से रंजिश का आरोप
सोनीपत, 09 अक्टूबर (हि.स.)। सोनीपत
जिले में गोहाना क्षेत्र के गांव कथूरा स्थित देवी मंदिर में 24 वर्षीय पुजारी सचिन
की गुरुवार की रात को पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने उसे लात-घूंसों और धारदार
हथियारों से चोटें मारीं। सूचना मिलने पर पहुंची बरोदा थाना पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया,
जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई अमन ने दूसरे पुजारी पर रंजिश रखने
और सचिन के बारे में गलत अफवाहें फैलाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने हत्या का मामला
दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैथल
जिले के गांव रोहेड़ा निवासी अमन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भाई सचिन
कुरुक्षेत्र से कर्मकांड की पढ़ाई करने के बाद लगभग सात साल से पुजारी का काम कर रहा
था। पहले वह पंजाब और फिर रोहतक के गांव सांघी स्थित मंदिर में रहा। पिछले तीन साल
से वह कथूरा के देवी मंदिर में पुजारी था।
अमन
के अनुसार, जिस परिवार ने सचिन को मंदिर में पुजारी रखवाया था, उसी परिवार का एक युवक
भी पुजारी है। वह सचिन से रंजिश रखता था और पहले भी कई बार उससे झगड़ा कर चुका था।
कुछ दिन पहले भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। अमन ने बताया कि घटना से दो-तीन दिन पहले
सचिन ने फोन पर उसे कुछ लोगों की ओर से परेशान किए जाने और उसके बारे में गलत अफवाहें
फैलाने की बात बताई थी। उसने भाई को सावधान रहने और विवाद से दूर रहने की सलाह दी थी।
अमन
के अनुसार, सात अक्टूबर को उसकी सचिन से आखिरी बार बात हुई थी। अगले दिन पुलिस ने रिश्तेदार
के माध्यम से सूचना दी कि सचिन का सड़क हादसा हो गया है। गांव पहुंचने पर उसे मारपीट
में घायल होने की जानकारी मिली। अस्पताल में चिकित्सको ने सचिन को मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद अमन ने अपने भाई अनूप और चचेरे भाइयों से जानकारी जुटाकर पुलिस को शिकायत
दी।
पुलिस
के मुताबिक, गुरुवार रात सोनीपत नियंत्रण कक्ष से कथूरा मंदिर में पुजारी के साथ मारपीट
की सूचना मिली थी। गांव के सरपंच नवीन उसे सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। एफएसएल टीम
ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही
है। अमन की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने और हत्या
के कारणों का पता लगाने में जुटी है। सचिन अपने परिवार में सबसे छोटा था। परिवार में
माता-पिता, एक बड़ा भाई और एक बड़ी बहन हैं। बहन की शादी हो चुकी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

