पानीपत: छत पर कपड़े सुखाने गया किशोर हाई वोल्टेज करंट से झुलसा

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: छत पर कपड़े सुखाने गया किशोर हाई वोल्टेज करंट से झुलसा


पानीपत, 01 अगस्त (हि.स.)। पानीपत की एकता विहार कॉलोनी में हादसा जहां छत पर गीले कपड़े सुखाने गया एक 16 वर्षीय किशोर हाईवोल्टेज बिजली की तारों की चपेट में आ गया। करंट का जोरदार झटका लगते ही किशोर बुरी तरह झुलस कर छत पर ही गिर पड़ा। पड़ोसियों ने तुरंत उसे उपचार के लिए पानीपत के सिविल अस्पताल ले जाया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। जहां शनिवार काे उसकी हालत नाजुक बनी रही।

झुलसे किशोर के बड़े भाई सुशील ने बताया कि वह और उसका 16 वर्षीय छोटा भाई अर्जुन मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। दोनों भाई अपने परिवार का पेट पालने और मजदूरी करने के सिलसिले में महज दो दिन पहले ही उत्तर प्रदेश से पानीपत आए थे। पानीपत पहुंचने के बाद दोनों भाइयों को शहर की एक निजी कंपनी में काम मिल गया था और उन्होंने रहने के लिए एकता विहार कॉलोनी में एक किराए का कमरा लिया था। उन्हें क्या पता था कि वहां पहुंचते ही इतना बड़ा हादसा हो जाएगा। सुशील ने बताया कि शुक्रवार को अर्जुन अपनी नाइट रात की ड्यूटी खत्म करके सुबह कमरे पर लौटा था। आने के बाद उसने दोपहर में अपने कपड़े धोए और उन्हें सुखाने के लिए मकान की छत पर चला गया। छत पर बंधी रस्सी पर जैसे ही अर्जुन ने अपनी गीली कमीज सुखाने के लिए फैलाई, उसी दौरान हवा के झोंखे से गीली कमीज पास से ही गुजर रही हाईवोल्टेज बिजली की नंगी तारों से जा टकराई। कमीज के गीले होने के कारण उसमें तुरंत हाईवोल्टेज करंट दौड़ गया और अर्जुन उसकी चपेट में आ गया।

करंट का तीव्र झटका लगते ही अर्जुन की दर्दनाक चीख निकल गई और वह झुलसकर बेसुध होकर छत पर गिर पड़ा। उसकी चीख-पुकार सुनकर मकान में रहने वाले अन्य किराएदार और आसपास के लोग तुरंत दौड़कर छत पर पहुंचे। झुलसे अर्जुन को देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। किराएदारों ने तुरंत इसकी सूचना अर्जुन के बड़े भाई सुशील को दी, जो उस समय कंपनी में अपनी ड्यूटी पर था। छोटे भाई के साथ हादसे की खबर मिलते ही सुशील के पैरों तले जमीन खिसक गई और वह बदहवास हालत में तुरंत कमरे पर पहुंचा और उसे अस्पताल ले गया।लेकिन उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story