यमुनानगर:17 वर्षीय युवक ने फंदा लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस
यमुनानगर, 21 जून (हि.स.) यमुनानगर के दमला क्षेत्र में 17 वर्षीय एक युवक द्वारा घर में फंदा लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान बिहार निवासी रवि के रूप में हुई है। परिवार पिछले लगभग 20 वर्षों से यमुनानगर में रह रहा था।
रवि अपनी मां रामपड़ी देवी के साथ दमला स्थित एक प्लाईवुड फैक्ट्री में कार्य करता था। परिजनों के अनुसार रवि पिछले करीब 15 दिनों से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से परेशान था और लगातार डॉक्टर को दिखाने की बात कर रहा था। उसकी मां ने उसे शीघ्र चिकित्सकीय परामर्श दिलाने का आश्वासन दिया था। रविवार सुबह रामपड़ी देवी अपने कार्यस्थल चली गईं, जबकि रवि घर पर अकेला था। दोपहर को जब वह वापस लौटीं तो रवि घर में फंदे से लटका मिला।
घटना का पता चलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। जांच अधिकारी सतपाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवक के नशे की लत से परेशान रहने की जानकारी मिली है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों के संबंध में कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है। परिवार में रवि के अलावा एक बड़ा भाई और एक विवाहित बहन हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

