हिसार : विद्यार्थियों ने तेज बुद्धिमत्ता, स्पीड व टीम स्पिरिट का किया प्रदर्शन
गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय के एचएसबी में
‘ब्रेन ब्लिटज’ का आयोजन
हिसार, 16 अप्रैल (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान
एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के हरियाणा स्कूल ऑफ बिजनेस (एचएसबी) में ‘ब्रेन ब्लिटज’ का आयोजन किया गया।
इस प्रतियोगिता के माध्यम से पूरा परिसर ज्ञान, ऊर्जा और प्रतिस्पर्धा के उत्साह से
भर गया। यह आयोजन विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता, त्वरित निर्णय लेने की योग्यता,
विश्लेषणात्मक सोच तथा टीमवर्क को परखने का एक उत्कृष्ट मंच साबित हुआ।
कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के कुलपति
प्रो. नरसी राम बिश्नोई के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में हुआ। उनके विजन
के तहत विश्वविद्यालय में लगातार ऐसे नवाचारपूर्ण एवं प्रतिस्पर्धात्मक कार्यक्रम आयोजित
किए जा रहे हैं, जो विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव
प्रदान करते हैं।
एचएसबी के निदेशक प्रो. संजीव कुमार एवं इस प्रतियोगिता
की मेंटर डॉ. अंजली गुप्ता की योजना ने कार्यक्रम को सफल बनाया। उनके निर्देशन में
प्रतिभागियों को सीखने और अपनी क्षमताओं को निखारने का अवसर मिला। इस प्रतियोगिता में
20 से अधिक टीमों ने भाग लिया, जबकि 100 से अधिक विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी
देखने को मिली, जो विद्यार्थियों के उत्साह और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को दर्शाता है।
विश्वविद्यालय में गुरुवार काे हुई प्रतियोगिता को चार रोमांचक और चुनौतीपूर्ण राउंड्स
में विभाजित किया गया, जिनमें नॉलेज एरेना: सामान्य ज्ञान, अवधारणात्मक समझ और तार्किक
क्षमता की परीक्षा, स्पीड स्टाॅर्म: त्वरित निर्णय क्षमता एवं समय प्रबंधन कौशल का
आकलन, पिक्टो पजल: रचनात्मकता एवं विजुअल इंटरप्रिटेशन स्किल्स की चुनौती, दा फाइनल
ट्रिगर: कठिन प्रश्नों के माध्यम से प्रतिभागियों की समग्र क्षमता का मूल्यांकन, शामिल
रहे। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने पूरे आत्मविश्वास और टीमवर्क के साथ अपने प्रदर्शन
से सभी को प्रभावित किया। यह कार्यक्रम प्रेरणादायक, प्रभावशाली और सफल
आयोजन साबित हुआ, जिसने यह सिद्ध कर दिया कि एचएसबी के विद्यार्थी न केवल अकादमिक रूप
से बल्कि प्रतिस्पर्धात्मक और व्यावहारिक कौशलों में भी उत्कृष्ट हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

