जींद: निपुण हरियाणा मिशन में हर माह होगा स्टार टीचर और स्टार मेंटोर का चयन
जींद, 08 अगस्त (हि.स.)। निपुण हरियाणा मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन और प्राथमिक कक्षाओं में विद्यार्थियों की बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक दक्षता को मजबूत करने के उद्देश्य से जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय जींद ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों के कार्यालयों में स्टार टीचर और स्टार मेंटर का मासिक डिस्प्ले करने के निर्देश जारी किए हैं। विभाग की ओर से जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि प्रत्येक माह निर्धारित मानकों के आधार पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों और मेंटर्स का चयन किया जाएगा।
शनिवार को जानकारी देते हुए जिला समन्वयक एफएलएन राजेश वशिष्ठ ने बताया कि जारी निर्देशों के अनुसार सभी खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालयों में स्टार टीचर और स्टार मेंटर का मासिक डिस्प्ले करना अनिवार्य होगा। विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि संबंधित शिक्षक व मेंटर की फोटो सहित निर्धारित प्रोफार्मा पर प्रत्येक माह की पांच तारिख तक जानकारी अपडेट की जाए।
स्टार टीचर व स्टार मेंटर का प्रोफार्मा दो प्रतियों में तैयार किया जाएगा। एक प्रति संबंधित कार्यालय में प्रदर्शित की जाएगी, जबकि दूसरी प्रति निर्धारित तिथि पर जिला समन्वयक एफएलएन के पास भेजी जाएगी ताकि जिला स्तर पर भी उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों एवं मेंटर्स का रिकॉर्ड संकलित किया जा सके।
विभाग द्वारा जारी मानकों के अनुसार स्टार मेंटर के चयन के लिए कुल 100 अंक निर्धारित किए गए हैं। इनमें कक्षा भ्रमण, निपुण हरियाणा मेंटर एप के ज्ञान एवं उपयोग, मासिक यूनिक स्कूल विजिट लक्ष्य की अनुपालना तथा मासिक कक्षा भ्रमण लक्ष्य पूरा करना शामिल है। इसके अलावा यूनिक शिक्षकों का प्रतिशत, निपुण शिक्षक प्रशिक्षण में केआरपी, एमटी के रूप में भागीदारी, क्लस्टर में वर्कबुक के माध्यम से रेमेडिएशन करवाने वाले शिक्षकों की संख्या और निपुण सोशल मीडिया चैनलों के सक्रिय उपयोग को भी मूल्यांकन का हिस्सा बनाया गया है। स्टार मेंटर के लिए जिले एवं राज्य स्तर के कार्यक्रमों में भागीदारी को भी महत्व दिया गया है।
स्टार टीचर के चयन के लिए भी 100 अंकों की मूल्यांकन प्रणाली तय की गई है। इसमें कक्षा भ्रमण के दौरान विषयवार निपुण लक्ष्य, कक्षा में प्रिंट रिच वातावरण और रीडिंग कॉर्नर की व्यवस्था जैसे बिंदुओं को शामिल किया गया है। इसके साथ ही संरचित शिक्षाशास्त्र, शिक्षक गाइड तथा पाठ योजना के प्रभावी उपयोग को भी मूल्यांकन में स्थान दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

