जापान की कंपनी हरियाणा में चार हजार करोड़ के निवेश को तैयार

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 21 मार्च (हि.स.)। जापान की प्रसिद्ध कंपनी टीडीके ने हरियाणा में चार हजार करोड़ के निवेश की इच्छा जताई है। भारत इलेक्ट्रिसिटी समिट-2026 में जापानी कंपनी के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री नायब सैनी से मुलाकात की। जापानी कंपनी टीडीके के प्रतिनिधिमंडल ने हरियाणा में करीब 4 हजार करोड़ रुपये निवेश करके नया प्लांट बनाने की इच्छा जताई है। कंपनी यहां बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम यूनिट स्थापित करना चाहती है। टीडीके कंपनी ने पहले भी हरियाणा के सोहना में 180 एकड़ में प्लॉट स्थापित कर रखा है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश औद्योगिक क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। देश ही नहीं बल्कि विदेशों की कंपनियां भी निरंतर प्रदेश में बड़ा निवेश कर रही हैं। प्रदेश सरकार की नई औद्योगिक नीति निरंतर नई सुविधाएं दे रही है। बजट में औद्योगिक क्षेत्र को विशेष महत्व दिया गया है। इससे प्रदेश में बेहतर औद्योगिक इकोसिस्टम बना है।

प्रदेश में ‘ईज़ ऑफ डूइंग बिजऩेस’ को और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। इससे निवेश को बढ़ावा मिला है। राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई नई पहल के तहत उद्योग जगत के साथ निरंतर संवाद स्थापित किया जा रहा है, ताकि उत्पादन लागत, लॉजिस्टिक्स और प्रक्रियाओं से जुड़ी चुनौतियों को कम किया जा सके। इस बैठक के दौरान मुख्यमंत्री के सलाहकार पवन चौधरी, टीडीके बिजनेस के सीईओ फुमिओ शशिदा, टीडीके एनर्जी से हिदेआकि सेकी, टीडीके एनर्जी डिवाइस से ताकाहिरो सुतो, काज़ुनोबू मियाके, टीडीके पावर सप्लाई से नाओकि कातायोसे, निशाल के चीफ इलेक्ट्रिक केंटारो ओका व अन्य अतिथि मौजूद रहे।

---

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story