कैथल: हत्याकांड के आरोपी ने पुलिस को देखकर लगाई छलांग,घायल को दबोचा

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: हत्याकांड के आरोपी ने पुलिस को देखकर लगाई छलांग,घायल को दबोचा


कैथल, 27 नवंबर (हि.स.)। थाना ढांड क्षेत्र के गांव पबनावा में शादी समारोह के दौरान डीजे पर नाचते समय हुए मामूली विवाद में युवक तनिष की चाकू से हमला कर हत्या करने के मामले में वांछित आरोपी कृष को एंटी एक्सटॉर्शन सेल की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को ढांड-कौल क्षेत्र में 152-डी के पास से काबू किया गया।

गुरुवार देर रात पुलिस को देखकर भागने के प्रयास में आरोपी ने रजबाहे की पटड़ी से छलांग लगा दी, जिससे उसके पैर में चोट आई। पुलिस ने उसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया है। एंटी एक्सटॉर्शन सेल के एसआई जसबीर ने बताया कि गांव पबनावा निवासी लवीश की शिकायत के अनुसार 23 नवंबर 2026 को उनके परिवार में शादी समारोह था। रात करीब 10 बजे शादी समारोह में डीजे पर नाचते समय उसके बड़े भाई तनिष का पैर गांव के ही नीरज के पैर पर लग गया। इसी बात को लेकर नीरज और उसके साथियों ने तनिष के साथ कहासुनी करते हुए झगड़ा शुरू कर दिया। शादी समारोह में मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवा दिया।

इसके बाद शिकायतकर्ता और उसका भाई तनिष घर जाने के लिए निकले। रास्ते में सुनारों वाले चौक के नजदीक आरोपियों ने तनिष को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान नीरज ने चाकू से तनिष पर कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण तनिष की मौत हो गई। शिकायत के आधार पर थाना ढांड में मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस पहले ही आरोपी नीरज निवासी पबनावा को गिरफ्तार कर चुकी है।

एसआई जसबीर ने बताया कि पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि हत्याकांड में वांछित आरोपी कृष ढांड से कौल की तरफ 152-डी के आसपास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने क्षेत्र में तलाश अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस पार्टी को देखकर एक युवक भागने लगा और 152-डी के पास रजबाहे की पटड़ी से नीचे कूद गया। गिरने के बाद वह दर्द से चिल्लाने लगा। पुलिस टीम ने तुरंत उसे काबू कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान गांव पबनावा निवासी कृष के रूप में हुई, जो तनिष हत्याकांड में वांछित था। आरोपी के पैर में चोट लगने के कारण उसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784101 Articles

Share this story